नारनौल की आबोहवा बिगड़ी, 231 पर पहुंचा एक्यूआई
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नारनाैल, 12 नवंबर (हि.स.)। नारनौल में वायु प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के चलते प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। बुधवार शाम को नारनौल का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 231 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 14 और 15 नवंबर को राजस्थान से सटे हरियाणा के जिलों में तेज हवाओं के साथ छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। इससे वायु गुणवत्ता में सुधार की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने गुरुवार को बताया कि नवंबर के दौरान हरियाणा-एनसीआर और दिल्ली में मौसम सामान्य रूप से शुष्क बना हुआ है। किसी सक्रिय मौसम प्रणाली का विशेष प्रभाव नहीं होने के कारण अभी ठंड के तेवर कमजोर हैं। हवाओं की दिशा और गति में लगातार बदलाव के चलते दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है। इसका असर वायु गुणवत्ता सूचकांक पर भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 13-14 नवंबर की रात उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मैदानी इलाकों में इसका असर सीमित रहेगा।
हरियाणा-एनसीआर में 13 से 15 नवंबर तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। नारनौल और रेवाड़ी सहित राजस्थान से सटे जिलों में 14-15 नवंबर को तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार जिले में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है। नारनौल में आठ नवंबर को एक्यूआई 342 और नौ नवंबर को 305 दर्ज किया गया था। 10 नवंबर को यह सुधरकर 228 रहा, लेकिन बुधवार काे दौबारा से बढ़कर 231 पर जा पहुंचा। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने के आसार हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला