नारनाैल: दो पिकअप की भिड़ंत ने उजाड़े परिवार, तीन की मौत से पसरा मातम

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नारनाैल, 13 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के झुंझुनू जिले में भालोठ गांव के पास दो पिकअप गाड़ियों की आमने-सामने हुई टक्कर में घायल महेंद्रगढ़ के सेहलंग गांव की दो महिलाओं की भी मौत हो गई। दोनों ने गुरुवार देर शाम रेवाड़ी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में पहले ही निहालोठ गांव के 70 वर्षीय सुभाष की मौत हो चुकी थी। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सेहलंग गांव के करीब 17 लोग एक पिकअप में सवार होकर राजस्थान के घसेड़ा गांव में एक बुजुर्ग के निधन पर आयोजित शोक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान भालोठ गांव के पास उनकी पिकअप सामने से आ रही दूसरी पिकअप से टकरा गई। दूसरी गाड़ी में निहालोठ गांव के लोग सवार थे, जो महेंद्रगढ़ के दुलोठ गांव में जगदीश के निधन पर शोक जताने जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में सवार करीब 20 लोग घायल हो गए।
परिजनों के अनुसार, हादसे में घायल सेहलंग निवासी सुमन देवी (54) और राम प्यारी (82) का महेंद्रगढ़ के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। दोनों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने गुरुवार देर शाम उन्हें बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया। परिजन उन्हें रेवाड़ी लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दोनों की सांसें थम गईं।
शुक्रवार को महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद दोनों महिलाओं के शव परिजनों को सौंप दिए गए। दोनों महिलाएं एक ही परिवार से थीं। एक साथ दो महिलाओं की मौत से सेहलंग गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे में घायल अन्य लोगों का महेंद्रगढ़ के निजी अस्पताल में उपचार जारी है। एक ही दिन में तीन मौतों से दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला