महेंद्रगढ़ में नियमितीकरण की मांग को लेकर विधायक से मिले गेस्ट टीचर्स

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नारनाैल, 24 नवंबर (हि.स.)। नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे गेस्ट टीचर्स ने मंगलवार को विधायक कंवर सिंह यादव को मांगपत्र सौंपा। शिक्षकों ने विधायक से आगामी विशेष सत्र में उनकी मांग का मुद्दा उठाने की अपील की। इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के सामने उनकी मांग रखेंगे।
गेस्ट टीचर्स ने बताया कि वे 23 जून से कुरुक्षेत्र में धरना दे रहे हैं। उनकी मुख्य मांग नियमितीकरण की है। शिक्षकों के अनुसार, वे वर्ष 2014 में बनाई गई तीन साल की नियमितीकरण पॉलिसी की सभी शर्तें पूरी करते हैं। इसके बावजूद उन्हें अब तक इसका लाभ नहीं मिल पाया है। शिक्षकों ने कहा कि इसी पॉलिसी के तहत कॉलेज कैडर के गेस्ट फैकल्टी टीचर्स और अन्य विभागों के कर्मचारियों को नियमित किया जा चुका है, लेकिन स्कूलों में सेवाएं दे रहे गेस्ट टीचर्स की मांग पर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जारी स्पीकिंग ऑर्डर भी उनके पक्ष में नहीं हैं।
गेस्ट टीचर्स ने विधायक से मांग की कि आगामी विशेष सत्र में इस मुद्दे को उठाकर सरकार तक उनकी बात पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें नियमित नहीं किया गया है। जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, कुरुक्षेत्र में धरना जारी रहेगा। इसके अलावा 29 नवंबर को मांगों के समर्थन में रैली भी आयोजित की जाएगी।
विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि गेस्ट टीचर्स की नियमितीकरण की मांग लंबे समय से चली आ रही है। वे इस संबंध में मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से भी गेस्ट टीचर्स को राहत मिली है। सरकार से इन आदेशों को लागू करने की मांग की जाएगी। भाजपा सरकार के तीसरी बार सत्ता में आने के बाद वे मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी यह मामला उठाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला