नारनाैल में विधायक के उद्घाटन शिलापट्ट को तोड़ा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नारनाैल 12 नवंबर (हि.स.)। शहर के सैन चौक के पास भाजपा विधायक ओमप्रकाश यादव द्वारा सीवरेज चैंबर के उद्घाटन से संबंधित लगाए गए शिलापट्ट को बुधवार रात कुछ शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। करीब पांच साल पहले लगाए गए इस शिलापट्ट को नुकसान पहुंचाने की घटना से विधायक समर्थकों और स्थानीय निवासियों में रोष है। घटना के बाद लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिलापट्ट तोड़े जाने की पूरी घटना चौक के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में रात के समय तीन से चार युवक शिलापट्ट को तोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
भाजपा विधायक ओमप्रकाश यादव के निजी सचिव गजेंद्र यादव ने घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि शिलापट्ट तोड़ने की घटना बेहद निंदनीय है। इस तरह की हरकतों को किसी भी सूरत में उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने बताया कि मामले से नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) को अवगत करा दिया गया है। नगर परिषद की ओर से इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी जाएगी, ताकि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
उधर, सैन चौक के आसपास रहने वाले मोहल्लावासियों ने भी घटना पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि चौक के आसपास शाम के समय अक्सर शरारती तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित होता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चौक के आसपास निगरानी बढ़ाने, नियमित गश्त करवाने और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला