Live VNS

अतिक्रमण की अभी कोई पुष्टि नहीं : प्रभारी सीओ आलोक कुमार

अतिक्रमण की अभी कोई पुष्टि नहीं : प्रभारी सीओ आलोक कुमार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

दरभंगा, 11 नवंबर (हि.स.)। जिले के अलीनगर की विधायक मैथिली ठाकुर से जुड़े पोखरभिंडा गांव के जमीन विवाद में प्रशासन ने अभी अतिक्रमण की पुष्टि नहीं की है। तारडीह प्रखंड के प्रभारी अंचलाधिकारी आलोक कुमार ने स्पष्ट कहा है कि जब तक मामले की विधिवत जांच और जमीन की मापी नहीं हो जाती, तब तक अतिक्रमण को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों को सुनकर उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की बात कही गई है।

गौरतलब है कि कुछ ग्रामीणों ने विधायक के परिवार से संबंधित जमीन को लेकर सार्वजनिक सड़क, सामूहिक श्राद्धस्थल, नाले और निजी रैयती भूमि पर कथित अतिक्रमण की शिकायत की है। शिकायतकर्ताओं के आवेदन को मीडिया में प्रमुखता मिलने के बाद मामला चर्चा में आया। हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोपों की अभी प्रशासनिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।

इधर, विधायक मैथिली ठाकुर के करीबी लोगों का कहना है कि पोखरभिंडा में प्रस्तावित भवन का उद्देश्य निजी सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के बीच उपलब्ध रहना और विकास योजनाओं की समीक्षा, जनसमस्याओं पर बैठक तथा अन्य जनहितकारी गतिविधियों को संचालित करना है। उनका आरोप है कि इस पहल को भी कुछ लोग गलत अर्थ देकर विधायक की छवि प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।

विधायक के पिता रमेश ठाकुर ने कहा कि उन्हें क्षेत्र की महिलाओं, बुजुर्गों और नौजवानों का भरपूर स्नेह एवं समर्थन मिला है। जमीन उन्हीं लोगों से ली गई है, जिनसे खरीद का समझौता हुआ है। फिलहाल अंचलाधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग चाहे जितना बदनाम करने का प्रयास करें, उन्हें उन लोगों की परवाह है जिन्होंने उन पर और उनकी बेटी पर विश्वास जताया है। जनता का स्नेह और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

फिलहाल पूरे मामले में प्रशासनिक जांच महत्वपूर्ण है। सार्वजनिक जमीन, निजी रैयती भूमि और रास्ते से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष मापी एवं अभिलेखों का सत्यापन होना चाहिए। अतिक्रमण प्रमाणित होने पर नियमानुसार कार्रवाई हो, लेकिन जांच से पहले किसी को दोषी ठहराना भी उचित नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…