Live VNS

जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस अब पूरे रूट पर इलेक्ट्रिक इंजन से दौड़ेगी

जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस अब पूरे रूट पर इलेक्ट्रिक इंजन से दौड़ेगी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जोधपुर, 23 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल से संचालित जोधपुर-भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस अब अपने पूरे मार्ग पर इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित होगी। रेलवे ने ट्रेन संख्या 14813/14814 जोधपुर-भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के संचालन में यह महत्वपूर्ण बदलाव करने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था लागू होने से ट्रेन को बीच रास्ते में इंजन बदलने की जरूरत नहीं रहेगी और संचालन अधिक सुगम होगा।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार ट्रेन संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस जोधपुर से 25 नवंबर तथा ट्रेन संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस सवाई माधोपुर से 26 नवंबर से इलेक्ट्रिक इंजन के साथ संचालित होगी। अब तक इस ट्रेन में जोधपुर से सवाई माधोपुर तक डीजल इंजन लगाया जाता था,जबकि सवाई माधोपुर से भोपाल तक इलेक्ट्रिक इंजन से संचालन होता था।

इस कारण सवाई माधोपुर में इंजन बदलना पड़ता था। नई व्यवस्था के तहत अब भगत की कोठी स्थित रेलवे के इलेक्ट्रिक लोको शेड के इंजन से ट्रेन का संचालन पूरे मार्ग पर किया जाएगा। इस बदलाव से सवाई माधोपुर में इंजन बदलने की प्रक्रिया समाप्त होगी। इससे परिचालन व्यवस्था सरल होने के साथ समय की बचत और इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन के अधिकतम उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…