त्योहारी सीजन में उत्तर रेलवे ने 1.82 करोड़ यात्रियों को कराई सुरक्षित यात्रा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने इस बार व्यापक स्तर पर इंतजाम किए। पूजा और त्योहारों के दौरान उत्तर रेलवे ने करीब 1.82 करोड़ यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई। यह आंकड़ा पिछले वर्ष के 1.72 करोड़ यात्रियों की तुलना में करीब 10 लाख अधिक है।
उत्तर रेलवे की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, वर्ष 2026 के त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ाने, नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने और यात्री मांग की लगातार निगरानी करने जैसे कदम उठाए गए।
त्योहारी सीजन के दौरान उत्तर रेलवे और अन्य समन्वयक क्षेत्रीय रेलों ने कुल 7,085 विशेष ट्रेन फेरे संचालित किए, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 4,666 थी। इस प्रकार विशेष ट्रेनों के संचालन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतिदिन औसतन करीब 54 अतिरिक्त विशेष ट्रेन फेरे चलाए गए।
उत्तर रेलवे में दैनिक यात्री संख्या भी बढ़कर 4.14 लाख हो गई, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा करीब 3.91 लाख था। इस तरह प्रतिदिन लगभग 22,700 अतिरिक्त यात्रियों को रेल यात्रा की सुविधा मिली। कुल 1.82 करोड़ यात्रियों में से करीब 1.66 करोड़ यात्रियों ने नियमित ट्रेनों से सफर किया, जबकि 12.83 लाख यात्रियों ने विशेष ट्रेन ऑन डिमांड (टीओडी) सेवाओं का लाभ उठाया।
यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए उत्तर रेलवे ने नियमित ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाए। इस वर्ष त्योहारी अवधि में कुल 581 अतिरिक्त कोच जोड़े गए, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 123 कोच लगाए गए थे। इस तरह अतिरिक्त कोच लगाने की संख्या में करीब 372 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि विशेष ट्रेनों के संचालन, नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने और यात्रियों की मांग की रियल टाइम निगरानी के जरिए त्योहारी भीड़ का प्रभावी प्रबंधन किया गया। इन प्रयासों से लाखों यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सकी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी