मध्य प्रदेश में 15 नवंबर के बाद बढ़ेगी ठंड, रात के तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट के आसार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भोपाल, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार रात भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। खासकर 15 नवंबर के बाद उत्तरी हवाओं के प्रभाव से ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।
प्रदेश में बीती रात कटनी का करौंदी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में पारा 11.1 डिग्री और शाजापुर के गिरवर में 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इंदौर और दमोह में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री, छिंदवाड़ा में 11.8 डिग्री और भोपाल में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पचमढ़ी में 12.2 डिग्री, मलाजखंड और नौगांव में 12.6 डिग्री, उमरिया में 13 डिग्री, जबलपुर में 13.4 डिग्री और उज्जैन में 14 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
15 नवंबर से सक्रिय होगा नया मौसम सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश हो रही है। 15 नवंबर से एक अन्य मौसम प्रणाली सक्रिय होने की संभावना है। इसके आगे बढ़ने के बाद उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं चलेंगी, जिनका असर मध्य प्रदेश के तापमान पर भी पड़ेगा। इससे रात के तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं।
बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र, पूर्वी मप्र में बारिश की संभावना
बंगाल की खाड़ी में भी एक निम्न दाब क्षेत्र सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार, यदि यह सिस्टम आगे बढ़ता है तो प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में भी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
नवंबर के दूसरे पखवाड़े में बढ़ेगी सर्दी
पिछले वर्षों के मौसम के रुझान बताते हैं कि नवंबर के दूसरे पखवाड़े में प्रदेश में ठंड का असर अधिक बढ़ता है। इस बार भी 15 नवंबर के बाद तापमान में गिरावट का दौर तेज होने की संभावना है। ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं का सीधा प्रभाव पड़ने से रातें अधिक ठंडी हो सकती हैं। मौसम के पुराने रिकॉर्ड के अनुसार, ग्वालियर में नवंबर में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और उज्जैन में 2.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश होने का भी पुराना रुझान रहा है। इस बार भी महीने के शुरुआती दिनों में बारिश की संभावना बनी थी, जबकि आगे मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने पर कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे