अब मोबाइल बनेगा गाइड, 15 भाषाओं में सुनाई देगी काशी के 84 घाटों की कहानी, देव दीपावली पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया ‘वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक-ऑडियो टूर’ का शुभारंभ

जीपीएस तकनीक से खुद बोलेगा हर घाट, पैदल भ्रमण से लेकर नाव की सवारी तक मिलेगा इतिहास और पौराणिक कथाओं का खजाना
बिना गाइड के घूम सकेंगे काशी के ऐतिहासिक घाट, घाट पर पहुंचते ही मोबाइल लोकेशन पहचानकर खुद शुरू करेगा ऑडियो
ऑफलाइन डाउनलोड की भी सुविधा, दुनिया के किसी कोने में बैठकर भी सुन सकेंगे गंगा किनारे की गौरवगाथा
वाराणसी। अब काशी के घाटों की सैर के लिए किसी गाइड को तलाशने या इतिहास जानने के लिए किसी से पूछने की जरूरत नहीं होगी। गंगा किनारे जिस घाट पर कदम रखेंगे, मोबाइल फोन खुद उसकी कहानी सुनाने लगेगा। घाट का इतिहास, उससे जुड़ी धार्मिक मान्यताएं, पौराणिक प्रसंग और सांस्कृतिक विरासत अब आपकी पसंदीदा भाषा में आपके कानों तक पहुंचेगी। देव दीपावली के अवसर पर काशी के पर्यटन अनुभव को तकनीक से जोड़ते हुए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने ‘वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक-ऑडियो टूर’ की शुरुआत की है। नमो घाट पर दीप प्रज्ज्वलन के दौरान पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने इस जीपीएस आधारित डिजिटल सुविधा का शुभारंभ किया।
इस पहल के साथ काशी के 84 घाटों की सदियों पुरानी कहानियां अब केवल गाइडों और पुस्तकों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि मोबाइल के माध्यम से देश-दुनिया के लोगों तक पहुंचेंगी। पर्यटक घाटों पर पैदल घूमते हुए या नाव से गंगा की सैर करते समय संबंधित घाट का ऑडियो सुन सकेंगे। खास बात यह है कि यह सुविधा हिंदी और अंग्रेजी समेत 15 भाषाओं में उपलब्ध कराई गई है। यानी भाषा की दीवार भी काशी की विरासत को समझने के रास्ते में बाधा नहीं बनेगी।
15 भाषाओं में सुनाई देगी काशी की गौरवगाथा
इस ऑडियो टूर की सबसे बड़ी खासियत इसकी बहुभाषी सुविधा है। हिंदी और अंग्रेजी के अलावा मराठी, तमिल, तेलुगु, गुजराती, कन्नड़, ओड़िया, मलयालम और उर्दू सहित चीनी, जर्मन, स्पेनिश, जापानी और कोरियाई भाषाओं में भी घाटों की कहानियां सुनी जा सकेंगी। इससे देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ विदेशी पर्यटकों को भी काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत समझने में आसानी होगी। पर्यटक अपनी पसंद की भाषा चुनकर घाटों के इतिहास से रूबरू हो सकेंगे।
घाट पर पहुंचते ही खुद शुरू हो जाएगा ऑडियो
जीपीएस तकनीक इस ऑडियो टूर को खास बनाती है। इसके तहत काशी के सभी 84 घाटों के लिए अलग-अलग ऑडियो अध्याय तैयार किए गए हैं। पर्यटक जैसे ही किसी घाट पर पहुंचेंगे, मोबाइल एप उनकी लोकेशन पहचानकर संबंधित घाट की कहानी सुनाना शुरू कर देगा। निर्धारित स्थान से दूर जाने पर ऑडियो रुक सकता है और दोबारा उस स्थान पर लौटने पर फिर शुरू हो सकता है। पर्यटक चाहें तो एप पर अपनी पसंद का कोई भी घाट चुनकर उसकी जानकारी भी सुन सकते हैं। यानी मोबाइल ही उनका व्यक्तिगत गाइड बन जाएगा।
पैदल घूमिए या नाव से निहारिए, हर घाट की अलग कहानी
काशी के घाटों का असली आकर्षण उन्हें करीब से देखने और उनके इतिहास को महसूस करने में है। इसी अनुभव को और रोचक बनाने के लिए ऑडियो टूर में पैदल भ्रमण और नाव यात्रा, दोनों विकल्प दिए गए हैं। पर्यटक घाटों की सीढ़ियों पर चलते हुए उनके धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को सुन सकते हैं। वहीं गंगा की लहरों पर नाव से गुजरते समय भी अलग-अलग घाटों की कहानियों से रूबरू हो सकते हैं। हर घाट का अपना इतिहास, अपनी मान्यता और अपनी पहचान है, जिसे ऑडियो अध्यायों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
तस्वीरें, लिखित जानकारी और इंटरएक्टिव मैप भी मौजूद
सिर्फ आवाज ही नहीं, पर्यटकों को जानकारी समझने के लिए कई अन्य डिजिटल सुविधाएं भी मिलेंगी। ऑडियो के साथ लिखित विवरण, तस्वीरें और इंटरएक्टिव मैप उपलब्ध कराया गया है। पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार ऑडियो को रोक सकते हैं, दोबारा शुरू कर सकते हैं और अगले घाट की जानकारी पर जा सकते हैं। एप भ्रमण किए जा चुके घाटों का रिकॉर्ड भी रखेगा। यदि कोई पर्यटक बीच में यात्रा रोक देता है तो अगली बार वहीं से ऑडियो टूर शुरू कर सकेगा, जहां उसने पिछली बार छोड़ा था।
इंटरनेट नहीं तो भी नहीं रुकेगी घाटों की कहानी
इस डिजिटल सुविधा में ऑफलाइन इस्तेमाल की व्यवस्था भी की गई है। पर्यटक यात्रा पर निकलने से पहले ऑडियो टूर डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद भ्रमण के दौरान लगातार इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत नहीं होगी। इतना ही नहीं, इस सुविधा का इस्तेमाल केवल वाराणसी में ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया में कहीं से भी किया जा सकता है। यानी विदेश में बैठा कोई व्यक्ति भी मोबाइल पर काशी के घाटों की कहानियां सुन सकता है और यहां की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकता है।
एप या वेबसाइट पर बिना लॉगिन मिलेगा लाभ
ऑडियो टूर का लाभ लेने के लिए एंड्रॉयड या आईओएस मोबाइल पर यूपी टूरिज्म का आधिकारिक एप खोलकर ‘वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक-ऑडियो टूर’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद अपनी पसंदीदा भाषा और पैदल भ्रमण अथवा नाव यात्रा का विकल्प चुन सकते हैं। घाट पर पहुंचकर जीपीएस आधारित अनुभव के लिए ‘स्टार्ट टूर एट लोकेशन’ और पहले से डाउनलोड करके ऑफलाइन या दूर बैठकर सुनने के लिए ‘इनेबल ऑफलाइन/रिमोट टूर’ विकल्प उपलब्ध है। यह सुविधा यूपी पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी मिलेगी। इसके लिए न तो अकाउंट बनाने की जरूरत है और न ही लॉगिन करना अनिवार्य है।
तकनीक के सहारे दुनिया तक पहुंचेगी काशी की विरासत
काशी के 84 घाट केवल गंगा किनारे बनी सीढ़ियां नहीं, बल्कि सदियों के इतिहास, आस्था, परंपरा और संस्कृति के जीवंत दस्तावेज हैं। हर घाट अपने भीतर कोई कथा, कोई धार्मिक मान्यता और कोई ऐतिहासिक प्रसंग समेटे हुए है। यूपी पर्यटन विभाग की यह पहल इन कहानियों को आधुनिक तकनीक के सहारे दुनिया तक पहुंचाने का नया माध्यम बनेगी। अब काशी आने वाला पर्यटक सिर्फ घाटों की खूबसूरती निहारेगा ही नहीं, बल्कि उनके पीछे छिपे इतिहास और आध्यात्मिक महत्व को भी समझ सकेगा। देव दीपावली के अवसर पर शुरू हुई यह सुविधा काशी दर्शन को एक नए डिजिटल अनुभव में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।