ग्रामीण सड़क निर्माण में नवाचार के लिए एनआरआईडीए को मिलेगा यूपी पदक
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण सड़क निर्माण के क्षेत्र में नवाचार और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में किए गए प्रयासों को लेकर ग्रामीण विकास मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण अवसंरचना विकास एजेंसी (एनआरआईडीए) को प्रतिष्ठित सड़कों के क्षेत्र में नवाचारी तकनीक के लिए यूपी पदक–2025 के लिए चुना गया है।
यह सम्मान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत ग्रामीण सड़कों के निर्माण में औद्योगिक अपशिष्ट स्टील स्लैग के अभिनव उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदान किया जाएगा। इंडियन रोड्स कांग्रेस (आईआरसी) की ओर से यह पुरस्कार 19 नवंबर 2026 को हैदराबाद, तेलंगाना में आयोजित होने वाले 85वें वार्षिक सत्र के समारोह में प्रदान किया जाएगा।
इस पुरस्कार के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय और एनआरआईडीए की ओर से झारखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-III के तहत स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों में स्टील स्लैग के उपयोग को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। इस तकनीक के माध्यम से कुल 381.57 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया गया है। परियोजना में स्टील स्लैग के उपयोग से निर्माण लागत में लगभग 26 प्रतिशत की कमी लाने में मदद मिली है। साथ ही, औद्योगिक इस्पात संयंत्रों की निकटता के कारण परिवहन लागत में भी बचत हुई है।
ग्रामीण विकास मंत्रालय और एनआरआईडीए की ओर से अब तक सतत तकनीकों के उपयोग से संबंधित कुल 1,81,923 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें से 1,39,901 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य पूरे किए जा चुके हैं। यह उपलब्धि ग्रामीण सड़क निर्माण में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्रियों, सीमांत सामग्रियों और औद्योगिक अपशिष्ट के उपयोग को बढ़ावा देने के प्रति एनआरआईडीए की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत नवाचारपूर्ण और हरित तकनीकों को अपनाने की दिशा में मंत्रालय के प्रयासों को भी रेखांकित करती है।
औद्योगिक अपशिष्ट का उपयोग, निर्माण लागत में कमी-
सड़क निर्माण में स्टील स्लैग का उपयोग संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन और औद्योगिक अपशिष्ट के पुनर्चक्रण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे जहां पारंपरिक निर्माण सामग्रियों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलती है, वहीं उपलब्ध स्थानीय एवं वैकल्पिक सामग्रियों के बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा मिलता है। यह तकनीक ग्रामीण सड़क निर्माण को अधिक किफायती और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की संभावनाएं प्रस्तुत करती है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामानुज शर्मा