Live VNS

डेढ़ करोड़ से संवरेगा मेड़ता रोड बाईपास स्टेशन

डेढ़ करोड़ से संवरेगा मेड़ता रोड बाईपास स्टेशन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

यात्रियों को मिलेंगी नई सुविधाएं, जंक्शन के चक्कर से मिलेगी राहत

जोधपुर, 24 नवम्बर (हि.स.)। मेड़ता रोड जंक्शन के नजदीक स्थित मेड़ता रोड बाईपास स्टेशन पर अब यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा। रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है। इसके तहत यहां बुकिंग कार्यालय, प्रतीक्षालय और कोच इंडिकेशन बोर्ड सहित अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन सुविधाओं के शुरू होने से बाईपास स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट लेने से लेकर ट्रेन में अपना कोच तलाशने तक में आसानी होगी।

मेड़ता रोड बाईपास स्टेशन, मुख्य मेड़ता रोड जंक्शन से अलग एक रेलवे स्टेशन है। यहां ठहरने वाली ट्रेनों से आसपास के क्षेत्रों के यात्री भी अपनी यात्रा शुरू करते हैं। फिलहाल बुकिंग कार्यालय और प्रतीक्षालय जैसी सुविधाओं के अभाव में यात्रियों को असुविधा होती है। ऐसे में रेलवे की इस पहल से स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा और यात्रियों को एक ही स्थान पर जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि स्वीकृत राशि से स्टेशन पर बुकिंग कार्यालय, प्रतीक्षालय सहित अन्य जरूरी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। बुकिंग कार्यालय के लिए स्थान निर्धारित कर लिया गया है और इसके निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। अन्य निर्माण कार्य भी आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू किए जाएंगे। सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि स्टेशन पर कोच इंडिकेशन बोर्ड लगाने का कार्य भी ठेकेदार को आवंटित कर दिया गया है। बुकिंग कार्यालय का निर्माण पूरा होने के बाद ये बोर्ड स्थापित किए जाएंगे। इनके माध्यम से यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के निर्धारित कोच की स्थिति की जानकारी मिल सकेगी। इससे यात्रियों को ट्रेन आने पर अपना कोच तलाशने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा और वे आसानी से निर्धारित डिब्बे तक पहुंच सकेंगे।

बुकिंग कार्यालय बनने से स्टेशन से ही टिकट लेने की सुविधा मिलेगी। प्रतीक्षालय के निर्माण से ट्रेन का इंतजार करने के लिए यात्रियों को बैठने की बेहतर जगह मिलेगी। कोच इंडिकेशन बोर्ड लगने से ट्रेन के निर्धारित कोच की स्थिति जानने और सही डिब्बे तक पहुंचने में आसानी होगी। रेलवे की इस पहल से मेड़ता रोड बाईपास स्टेशन पर यात्रियों की जरूरत के अनुरूप सुविधाएं विकसित होंगी। खासकर यहां से सफर शुरू करने वाले यात्रियों को टिकट,प्रतीक्षा और कोच की जानकारी के लिए होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…