संविधान दिवस पर पुलिस ने दोहराई निष्पक्ष सेवा की प्रतिबद्धता, एसपी ने दिलाया संकल्प

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
फर्रुखाबाद, 26 नवंबर( हि.स.)।
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में संवैधानिक मूल्यों की महत्ता बताते हुए कानून का शासन बनाए रखने और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने संविधान की उद्देशिका में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूलभूत आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए पुलिसकर्मियों को इन्हें अपनी कार्यशैली में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इसकी गरिमा और मूल भावना को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक के साथ-साथ सरकारी तंत्र की भी जिम्मेदारी है। पुलिस बल पर यह दायित्व और अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है, क्योंकि आमजन का कानून और व्यवस्था पर विश्वास काफी हद तक पुलिस के व्यवहार और कार्यप्रणाली से जुड़ा होता है।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को प्रेरित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाए। पीड़ितों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए बिना किसी भेदभाव के निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि जनसेवा, जवाबदेही और आमजन की सुरक्षा का दायित्व भी है। पुलिस की कार्यप्रणाली में संवेदनशीलता और पारदर्शिता का विशेष महत्व होना चाहिए।
संवैधानिक मूल्यों से मजबूत होगा जनता का विश्वास
संविधान की प्रस्तावना में वर्णित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता भारतीय लोकतंत्र के आधारभूत स्तंभ हैं। न्याय प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार दिलाने की भावना का प्रतीक है, जबकि स्वतंत्रता और समानता नागरिकों की गरिमा एवं अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं।
बंधुता समाज में आपसी सौहार्द, एकता और सम्मान की भावना को मजबूत करती है। पुलिस व्यवस्था में इन आदर्शों का पालन कानून के प्रति विश्वास बढ़ाने के साथ नागरिकों और पुलिस के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने में भी सहायक है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे संविधान की मर्यादा को सर्वोपरि रखते हुए कानून के दायरे में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। किसी भी व्यक्ति के साथ जाति, धर्म, वर्ग अथवा सामाजिक स्थिति के आधार पर भेदभाव नहीं करेंगे और प्रत्येक नागरिक के सम्मान एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देंगे।
संविधान दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पुलिस बल को संवैधानिक दायित्वों, निष्पक्ष पुलिसिंग और जनसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराने वाला रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर