देव दीपावली पर 19 तरह के फूलों से महकेगा बाबा विश्वनाथ का दरबार, रजनीगंधा, गुलाब, गेंदा और सोन ऑफ इंडिया समेत विभिन्न फूलों से सजेगा पूरा धाम

शंकराचार्य चौक पर बनेगी आकर्षक रंगोली, दीपों से जगमगाएगा ललिता घाट
सावन सोमवार जैसी होगी दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा के लिए चार जोन में बंटेगा धाम
हर जोन में पुलिस, सीआरपीएफ और मंदिर की सुरक्षा एजेंसियां संभालेंगी कमान
बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजन के लिए इंतजाम, रखा जाएगा विशेष ध्यान
वाराणसी। देव दीपावली पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में भव्य सजावट के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। बाबा का दरबार 19 तरह के फूलों से सजाया जाएगा। रजनीगंधा, गुलाब, गेंदा, मधुकामिनी की पत्तियों और सोन ऑफ इंडिया समेत विभिन्न प्रजातियों के फूलों से पूरे धाम को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। वहीं, शंकराचार्य चौक पर आकर्षक रंगोली बनाई जाएगी। पूरा धाम दीपों की रोशनी से जगमगाएगा और ललिता घाट पर भी दीपों से विशेष सजावट की जाएगी।
मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सत्यम मिश्रा ने बताया कि देव दीपावली पर धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सजावट के साथ दर्शन और सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। विभिन्न किस्मों के फूलों से मंदिर परिसर को सजाने की तैयारी है, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण के साथ भव्य और आकर्षक सजावट का अनुभव मिल सके।
सावन सोमवार जैसी होगी दर्शन व्यवस्था
सीईओ सत्यम मिश्रा के अनुसार, श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए दर्शन की व्यवस्था सावन सोमवार जैसी रखी जाएगी। इसके लिए इंड-टू-इंड बैरिकेडिंग की जाएगी। निर्धारित रास्ते से ही श्रद्धालुओं को प्रवेश और दर्शन के लिए आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि भीड़ का दबाव नियंत्रित रहे और आवागमन सुचारु बना रहे।
सुरक्षा के लिए चार जोन में बंटेगा धाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पूरे धाम को चार जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में पुलिस, सीआरपीएफ और मंदिर की सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
बुजुर्गों और दिव्यांगों का रहेगा विशेष ध्यान
सीईओ ने बताया कि दर्शन के लिए आने वाले बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और बच्चों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक टीमें और हेल्प डेस्क सक्रिय रहेंगी। श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराने के साथ दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने पर जोर रहेगा। मंदिर प्रशासन का प्रयास है कि देव दीपावली पर काशी आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से बाबा के दर्शन कर सकें।