दीपावली और छठ पर योगी सरकार ने युवाओं को दिया रोजगार का उपहार, 4 मेलों में 4,003 को मिले जॉब ऑफर

311 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 11,662 अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग; 333 महिलाओं को भी मिला रोजगार का अवसर
शनिवार को चोलापुर में आयोजित वृहद रोजगार मेले में 43 कंपनियों ने की सहभागिता, 456 युवाओं को मिला नौकरी का प्रस्ताव
वाराणसी। दीपावली और छठ पर्व के अवसर पर योगी सरकार ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत 3, 5, 13 और 14 नवंबर को आयोजित चार वृहद रोजगार मेलों के माध्यम से कुल 4,003 अभ्यर्थियों को नौकरी के प्रस्ताव मिले। इन मेलों में 311 कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जबकि रोजगार पाने की उम्मीद लेकर 11,662 अभ्यर्थी शामिल हुए। खास बात यह रही कि चयनित युवाओं को अधिकतम 4.20 लाख रुपये सालाना पैकेज तक का ऑफर मिला। वहीं, 333 महिलाओं को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।
सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार ने बताया कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से इन मेलों का आयोजन किया गया। चारों मेलों में बड़ी संख्या में कंपनियों और अभ्यर्थियों की भागीदारी रही। इससे युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी पाने के अवसर मिले।
चोलापुर में 43 कंपनियों ने लगाया रोजगार मेला, युवाओं को मिले नौकरी के अवसर
चौथे वृहद रोजगार मेले का आयोजन शनिवार को आदर्श राष्ट्रीय विद्यालय इंटर कॉलेज, चोलापुर में किया गया। मेले का उद्घाटन अजगरा विधायक त्रिभुवन राम ने किया। इस रोजगार मेले में वोडाफोन, आईसीआईसीआई बैंक, डिक्सन, मदरसन, कोटक महिंद्रा बैंक, विकास ग्रुप, ब्लिंकिट, सिपेट, एक्सिस बैंक, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक और फ्लिपकार्ट सहित कुल 43 कंपनियों ने हिस्सा लिया।
दूसरे दिन 456 युवाओं को मिला जॉब ऑफर, तीन को 35 हजार रुपये प्रतिमाह का प्रस्ताव
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि 13 और 14 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेले के दूसरे दिन शनिवार को कुल 1,896 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें से 456 युवाओं को विभिन्न कंपनियों की ओर से नौकरी के प्रस्ताव दिए गए। तीन युवाओं को अधिकतम 35,000 रुपये प्रतिमाह वेतन का ऑफर मिला, जो सालाना करीब 4.20 लाख रुपये होता है। रोजगार के इन अवसरों से युवाओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।