अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस पर वरिष्ठजनों ने साझा किए जीवन के अनुभव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सियानगुड़ी वरिष्ठ नागरिक सेवा केंद्र में पहली बार मनाया गया अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस
वरिष्ठजनों ने साझा किए जीवन के अनुभव, पुरुषों के त्याग और योगदान को किया सम्मानित
धमतरी, 19 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस के अवसर पर सियानगुड़ी वरिष्ठ नागरिक सेवा केंद्र में पहली बार विशेष आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग, जिला धमतरी के सहयोग से जननी सेवा संस्थान द्वारा संचालित सियानगुड़ी वरिष्ठ नागरिक सेवा केंद्र, कृदत कॉलोनी, महात्मा गांधी वार्ड में 19 नवंबर काे आयोजित कार्यक्रम में पुरुष दिवस के महत्व एवं उद्देश्य की जानकारी वरिष्ठजनों को दी गई।
विशेष बात यह रही कि केंद्र के कई बुजुर्गों को पहली बार पता चला कि पुरुषों के सम्मान और योगदान को समर्पित एक विशेष दिवस भी मनाया जाता है। कार्यक्रम में केंद्र के कर्मचारियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए, वहीं वरिष्ठजनों ने भी अपने जीवन के अनुभवों, संघर्षों और विचारों को साझा किया। कार्यक्रम का संचालन केंद्र के केयरटेकर चैतांशु राजा देवांगन ने किया। इस दौरान उन्होंने पुरुषों के त्याग, संघर्ष और संवेदनाओं को दर्शाती अपनी मौलिक कविता 'पुरुष की गरिमा' का भावपूर्ण पाठ किया। कविता की पंक्तियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कविता के माध्यम से उन्होंने संदेश दिया कि पुरुष भी भावनाओं और संवेदनाओं से भरे इंसान हैं, जिनके त्याग, संघर्ष और योगदान को सम्मान मिलना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में केंद्र की महिला स्टाफ ने सभी पुरुष कर्मचारियों एवं उपस्थित वरिष्ठजनों का पारंपरिक पूजा-अर्चना और तिलक लगाकर सम्मान किया। सम्मान स्वरूप पेन एवं चॉकलेट भेंट की गई। महिला कर्मचारियों की इस आत्मीय पहल से कार्यक्रम का माहौल खुशनुमा और यादगार बन गया। आयोजन का उद्देश्य पुरुषों के योगदान, त्याग और भावनाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना तथा वरिष्ठजनों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करना था।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा