अनूपपुर: कार्तिक पूर्णिमा पर मां नर्मदा उद्गम कुंड से पृथ्वी-मैकाल परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ, 500 से अधिक श्रद्धालु हुए शामिल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
अनूपपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को तीसरे वर्ष पृथ्वी-मैकाल परिक्रमा यात्रा मां नर्मदा के उद्गम स्थल स्थित उद्गम कुंड से विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार और मां नर्मदा के जयकारों के बीच 500 से अधिक भक्त-श्रद्धालु परिक्रमा यात्रा में शुभारंभ के सहभागी बने।
ज्ञात हो कि पृथ्वी-मैकाल परिक्रमा यात्रा का यह तीसरा वर्ष है। वर्ष 2024 एवं 2025 में भी इस परिक्रमा यात्रा का आयोजन किया जा चुका है। यात्रा का उद्देश्य मां नर्मदा की महिमा, मैकाल पर्वत क्षेत्र की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं और सनातन संस्कृति के प्रति श्रद्धा एवं जागरूकता को आगे बढ़ाना है।
परिक्रमा यात्रा के संरक्षक नर्मदा पुत्र सीताराम महाराज 108 परम संत, अमरकंटक धाम हैं। यात्रा के संयोजक श्री 108 संत भगवान दास जी महाराज, गणेश धूना अमरकंटक तथा आयोजक नर्मदा मैकाल परिक्रमा आयोजन समिति है। समिति के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं का विशाल दल मां नर्मदा की आराधना और परिक्रमा के संकल्प के साथ यात्रा पर निकला।
नर्मदा उद्गम कुंड में नर्मदा मंदिर के पुजारी उमेश द्विवेदी (बंटी महाराज) द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया। इसके पश्चात मां नर्मदा की आरती कर यात्रा की मंगलमय सफलता और सभी श्रद्धालुओं के कल्याण की कामना की गई। उद्गम स्थल से प्रारंभ हुई यात्रा का प्रथम पड़ाव अरंडी संगम स्थित मां नर्मदा तट पर रहा, जहां यात्रियों के लिए भोजन-प्रसाद की व्यवस्था की गई। भोजन-प्रसाद ग्रहण करने के बाद श्रद्धालुओं का दल अगले पड़ाव के लिए आगे रवाना हुआ।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मां नर्मदा की उद्गमस्थली से आरंभ हुई यह परिक्रमा यात्रा श्रद्धालुओं के लिए केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि मां नर्मदा के प्रति अटूट आस्था, समर्पण और सनातन परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करने का विशेष अवसर भी बनी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला