जींद : छठ महापर्व के दूसरे दिन व्रती महिलाओं ने किया खरना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जींद, 14 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व पर शनिवार को दूसरे दिन खरना रहा। व्रती महिलाओं ने सूर्यास्त तक उपवास रखा और भगवान सूर्य और छठी मइया को प्रसाद अर्पित कर अपना उपवास तोड़ा। प्रसाद के रूप में गुड वाली खीर और रोटी बनाई जाती है। हालांकि कई जगहों में अलग-अलग तरह के प्रसाद बनाए जाते हैं और फिर दोस्तों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को खरना का प्रसाद बांटा जाता है। वहीं जिला प्रशासन द्वारा 15 और 16 नवंबर को छठ पूजा पर्व को भव्य, शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं।
एसडीएम सत्यवान मान ने पर्व को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटियां निर्धारित कर दी है। शहर में हांसी ब्रांच नहर के पास स्थित जयंती देवी मंदिर और गांव पांडू पिंडारा स्थित तीर्थ तालाब पर छठ पूजा के आयोजन होंगे। इन दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया है। इसके अलावा जल सुरक्षा के मद्देनजर दोनों स्थानों पर दो-दो नावों, गोताखोरों तथा पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट, रेस्क्यू रोप और अन्य आवश्यक जल बचाव उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और उचित मार्गदर्शन के लिए दोनों आयोजन स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
गौरतलब है कि जींद जिले में पूर्वांचल के लगभग सात हजार लोग रह रहे हैं। जोकि छठ महापर्व श्रद्धा से मनाते हैं। पूर्वांचल प्रकोष्ठ के प्रधान संतोष कुमार ने बताया कि भक्ति, आस्था और शुद्धता का प्रतीक छठ महापर्व देशभर में बड़ी श्रद्धा से मनाया जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व अब अपने दूसरे दिन यानी खरना पर पहुंच गया है। नहाय, खाय से शुरुआत करने वाले व्रती अब 36 घंटे के निर्जला उपवास की ओर बढ़ चुके हैं। शनिवार को छठ व्रती खरना मनाया। हांसी ब्रांच नहर पर छठ पूजा के लिए घाट को तैयार करते हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा