देव दीपावली की पूर्व संध्या पर इलेक्ट्रॉनिक झालरों की रोशनी से जगमगाई काशी, गंगा के दोनों तरफ अद्भुत नजारा

भव्य आयोजन का साक्षी बनने देश-विदेश से पहुंचे लाखों श्रद्धालु और पर्यटक, कैमरों में कैद कर रहे अलौकिक छटा
वाराणसी। देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी देव दीपावली के रंग में रंग उठी है। गंगा के दोनों किनारों पर स्थित 84 घाट रंग-बिरंगी इलेक्ट्रॉनिक झालरों और आकर्षक रोशनी से जगमगा उठे हैं। घाटों पर की गई भव्य सजावट का नजारा ऐसा है, मानो आसमान के सितारे जमीन पर उतर आए हों। गंगा की लहरों पर बिखरती रोशनी काशी के घाटों को किसी दिव्य लोक जैसा स्वरूप दे रही है। देव दीपावली की पूर्व संध्या पर ही घाटों की अलौकिक छटा निहारने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं और पर्यटकों का पहुंचना शुरू हो गया है।
मंगलवार को मनाई जाने वाली देव दीपावली को लेकर जिला प्रशासन, नगर निगम, विभिन्न विभागों और सामाजिक समितियों ने मिलकर काशी को भव्य रूप दिया है। गंगा के दोनों किनारों पर स्थित 84 घाटों को आकर्षक प्रकाश व्यवस्था से सजाया गया है। घाटों की सीढ़ियों से लेकर मंदिरों, भवनों और आसपास के क्षेत्रों तक रंग-बिरंगी रोशनी की छटा बिखर रही है। इलेक्ट्रॉनिक झालरों, चमकते बल्बों और विभिन्न प्रकार के प्रकाश उपकरणों से सजे घाटों का दृश्य देखते ही बन रहा है।घाटों पर की गई सजावट का प्रतिबिंब गंगा की लहरों में पड़ने से नजारा और भी मनमोहक हो गया है। पानी में झिलमिलाती रोशनी के बीच घाटों की सुंदरता देखते ही बन रही है। ऐसा प्रतीत हो रहा है, जैसे पूरी काशी रोशनी की चादर ओढ़कर देवताओं के स्वागत के लिए तैयार हो गई हो।
हर खूबसूरत पल को कैमरे में कैद करने की होड़
देव दीपावली की भव्यता देखने के लिए देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंच रहे हैं। घाटों पर शाम होते ही लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी है। कोई परिवार के साथ रोशनी से जगमगाते घाटों के सामने तस्वीरें खिंचवा रहा है तो कोई गंगा की लहरों पर झिलमिलाती रोशनी को अपने मोबाइल और कैमरे में कैद कर रहा है। पर्यटकों में इस अद्भुत दृश्य को यादगार बनाने की होड़ दिखाई दे रही है।
काशी की देव दीपावली सिर्फ दीपोत्सव नहीं, बल्कि धर्म, आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिकता का ऐसा अनूठा संगम है, जिसकी छटा देखने के लिए हर साल लाखों लोग यहां पहुंचते हैं। मंगलवार को लाखों श्रद्धालु गंगा के घाटों पर दीपों की जगमगाहट और भव्य सजावट के साक्षी बनेंगे। पर्व से पहले ही 84 घाटों पर बिखरी रोशनी ने काशी को एक बार फिर दुनिया के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में शामिल कर दिया है।
देखिये तस्वीरें ...