Live VNS

छठ पूजा पर गंगा घाटों पर नगर निगम ने बनाए सेल्फी प्वाइंट, पीएम मोदी, सीएम योगी और महापौर की तस्वीर के साथ श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं

छठ पूजा पर गंगा घाटों पर नगर निगम ने बनाए सेल्फी प्वाइंट, पीएम मोदी, सीएम योगी और महापौर की तस्वीर के साथ श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं

BK Pathak ·

सेल्फी प्वाइंट के जरिये 'स्वच्छ काशी, सुंदर काशी' का संदेश, चेंजिंग रूम के बाहर एकल उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक की अपील

शिकायत के लिए टोल फ्री और व्हाट्सएप नंबर भी जारी, श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध कराने में जुटा प्रशासन

वाराणसी। छठ महापर्व पर गंगा घाटों पर पहुंचने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ स्वच्छता जागरूकता को लेकर नगर निगम ने विशेष पहल की है। घाटों पर साफ-सफाई, समतलीकरण और महिला चेंजिंग रूम की व्यवस्था के अलावा आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। इनके माध्यम से श्रद्धालुओं को छठ पूजा की शुभकामनाएं देने के साथ ही 'स्वच्छ काशी, सुंदर काशी' का संदेश दिया जा रहा है।

पीएम मोदी, सीएम योगी और महापौर के चित्रों से सजे सेल्फी प्वाइंट

नगर निगम की ओर से बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर काशी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महापौर अशोक तिवारी के चित्र लगाए गए हैं। इनके साथ ही आस्था के महापर्व छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं अंकित की गई हैं। सेल्फी प्वाइंट पर 'स्वच्छ काशी, सुंदर काशी' और 'भाव काशी' का संदेश भी दिया गया है। घाटों पर आने वाले श्रद्धालु इन सेल्फी प्वाइंट के साथ तस्वीरें लेकर पर्व की यादों को संजो रहे हैं।

शिकायत के लिए टोल फ्री और व्हाट्सएप नंबर

नगर निगम ने सेल्फी प्वाइंट पर टोल फ्री और व्हाट्सएप नंबर भी अंकित कराए हैं। इनके माध्यम से नागरिक नगर निगम से संबंधित समस्याओं और शिकायतों को दर्ज करा सकेंगे। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने के लिए सरल माध्यम उपलब्ध कराना है।

प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील

घाटों पर बनाए गए महिला चेंजिंग रूम के बाहर जागरूकता संबंधी बैनर लगाए गए हैं। इनके जरिए श्रद्धालुओं से एकल उपयोग वाले प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई है। साथ ही धार्मिक आयोजनों के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और शहर को सुंदर बनाने में सहयोग देने का संदेश दिया गया है।

सुविधाओं के साथ स्वच्छता पर भी जोर

नगर निगम की इस पहल के जरिए छठ पूजा की व्यवस्थाओं को केवल श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि पर्व के साथ स्वच्छता जागरूकता और जनसहभागिता को भी जोड़ा गया है। सेल्फी प्वाइंट, शिकायत दर्ज कराने की सुविधा और जागरूकता बैनर के माध्यम से श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया जा रहा है।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…