काशी विश्वनाथ धाम में बैकुंठ चतुर्दशी पर विष्णु सहस्रनाम का पाठ, तुलसी दल अर्पित कर हुआ सहस्रार्चन

बैकुंठ जी के विग्रह का षोडशोपचार पूजन, लड्डू और विभिन्न फलों का लगा भोग; महाआरती में शामिल हुए मंदिर के अधिकारी व कर्मचारी
वाराणसी। बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर रविवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में भगवान श्री हरि विष्णु और भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर मुख्य मंदिर परिसर में गर्भगृह और दण्डपाणि मंडप के मध्य स्थित बैकुंठ जी के विग्रह का विधि-विधान से पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भगवान की आराधना कर सुख, समृद्धि और आध्यात्मिक कल्याण की कामना की गई।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को बैकुंठ चतुर्दशी मनाई जाती है। पौराणिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु ने भगवान शिव को एक हजार कमल पुष्प अर्पित कर उनकी आराधना की थी। इसलिए इस तिथि पर भगवान विष्णु और भगवान शिव की संयुक्त पूजा का विशेष महत्व माना जाता है।
बैकुंठ चतुर्दशी पर मुख्य मंदिर परिसर स्थित बैकुंठ जी के विग्रह का सर्वप्रथम षोडशोपचार विधि से पूजन किया गया। इसके बाद वैकुण्ठेश्वर महादेव को तुलसी दल अर्पित किया गया। श्री विष्णु सहस्रनाम के पाठ के साथ सहस्रार्चन का अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस दौरान भगवान बैकुंठ जी को लड्डू और विभिन्न प्रकार के फलों सहित अनेक नैवेद्य अर्पित किए गए। इसके उपरांत विधिवत महाआरती की गई।
इस धार्मिक आयोजन में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उप जिलाधिकारी, मंदिर न्यास के अधिकारी और कर्मचारियों ने भी तुलसी दल अर्पित कर पूजन-अर्चन में सहभागिता की। मंदिर के अर्चक के पौरोहित्य में सभी धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुए।