Live VNS

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नवादा, 17 नवंबर (हि.स.)।नवादा। शहर के व्यस्त विजय बाजार स्थित सेंट्रल बैंक के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान नवादा जिले हिसुआ थाने के शिव नारायण बीघा गांव निवासी कुमार सूरजभान के रूप में हुई है। वह कृषक कॉलेज, देवधा में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। बताया जाता है कि वह वर्तमान में शहर के न्यू एरिया मोहल्ले में रह रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सूरजभान किसी आवश्यक कार्य से अपनी बाइक लेकर निकला था। इसी दौरान विजय बाजार स्थित सेंट्रल बैंक के समीप एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे में उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन का पता लगाने तथा दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

इधर, युवक की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस घटना से गांव और न्यू एरिया मोहल्ले में शोक की लहर फैल गई है।

परिजनों ने इस घटना को गंभीर बताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन और चालक की पहचान कर उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। टक्कर मारकर भागने वाले वाहन चालक को गिरफ्तार करने के लिए मांग की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…