Live VNS

भागलपुर में पुलिस का 'ऑपरेशन प्रहार': 7 विशेष टीमों का गठन, संवेदनशील हॉटस्पॉट्स पर कड़ा पहरा

भागलपुर में पुलिस का 'ऑपरेशन प्रहार': 7 विशेष टीमों का गठन, संवेदनशील हॉटस्पॉट्स पर कड़ा पहरा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भागलपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। शहर में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और बढ़ती आपराधिक वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भागलपुर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देशानुसार शहरी क्षेत्र में एक व्यापक और विशेष अभियान शुरू किया गया है।

इस मुहिम के तहत ज्वेलरी दुकानों में होने वाली चोरी, बाइक चोरी, चेन छिनतई और अन्य स्ट्रीट क्राइम को जड़ से खत्म करने के लिए कुल सात विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें अलग-अलग क्षेत्रों और अपराध की श्रेणियों के अनुसार विशिष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पुलिस प्रशासन ने पिछले कुछ समय में हुई आपराधिक घटनाओं का विश्लेषण कर शहर के प्रमुख बाजारों, सर्राफा मंडियों, बैंक-एटीएम परिसरों, रेलवे स्टेशन के बाहरी इलाकों और भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों को 'हॉटस्पॉट' और संवेदनशील स्थानों के रूप में चिह्नित किया है। इन स्थानों पर चिह्नित पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है।

इसके अतिरिक्त, असामाजिक तत्वों और झपटमारों की पहचान करने के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जो संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रख रहे हैं। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शहरी क्षेत्र के सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस द्वारा सुबह की गश्ती से लेकर देर रात तक सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर दोपहिया व चारपहिया वाहनों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। साथ ही, हाल के दिनों में जेल से छूटे अपराधियों और पुराने हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों का भी सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन सात विशेष टीमों को जिला आसूचना इकाई और तकनीकी सेल के साथ जोड़ा गया है। शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए संदिग्धों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी वारदात के होने से पहले ही अपराधियों को दबोचा जा सके या घटना होने की स्थिति में त्वरित उद्भेदन सुनिश्चित हो सके। पुलिस की इस सक्रियता से स्थानीय सर्राफा व्यवसायी और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…