Live VNS

मतांतरण का विरोध, भगवान श्रीराम पर अभद्र टिप्पणी से आक्रोश

मतांतरण का विरोध, भगवान श्रीराम पर अभद्र टिप्पणी से आक्रोश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

धमतरी, 22 नवंबर (हि.स.)। नगरी क्षेत्र में चल रहे प्रार्थना सभा व मतांतरण के विरोध में सकल हिन्दू समाज नगरी के पदाधिकारी व लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान भगवान श्रीराम पर अभद्र टिप्पणी तथा सनातन हिन्दू धर्म के विरुद्ध गाली-गलौज किए जाने से आक्रोश बढ़ गया। इससे आक्रोशित हिंदू संगठन ने एसडीओपी को ज्ञापन सौंपकर इस पर जांच कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी शासन-प्रशासन को दिए हैं।

सकल हिन्दू समाज नगरी के पदाधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में मतांतरण जारी है। प्रार्थना सभा भी किया जा रहा है, इन गतिविधियों का विरोध करने जब हिन्दू समाज के लोग आज रविवार को पहुंचे, तो विवाद की स्थिति निर्मित हुई। विरोध के दौरान एक मतांतरित महिला द्वारा हिन्दू समाज के लोगों की ओर ईंट-पत्थर फेंकने का आरोप है। इस घटना में हिन्दू समाज के लोग पत्थर के वार से बचे। इससे आक्रोशित समाजजनों ने इसे गंभीर बताते हुए संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने मांग की है। सकल हिन्दू समाज नगरी का आरोप है कि प्रार्थना सभा के दौरान भगवान श्रीराम के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। साथ ही सनातन हिन्दू धर्म की मान्यताओं और आराध्य देवी-देवताओं के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणियां की गई है। इससे उपस्थित हिन्दू समाज के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई है।

हिंदू समाज के लोगों ने कहा कि नगरी पेसा कानून के अंतर्गत आने वाला आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है। ऐसे क्षेत्र में आयोजित सभाओं की वैधानिकता एवं गतिविधियों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। धार्मिक स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी प्रकार के दबाव, प्रलोभन अथवा अनुचित माध्यम से मतांतरण की शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। नगरी में हुए इस घटनाक्रम को लेकर सकल हिन्दू समाज नगरी के प्रतिनिधियों ने अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नगरी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में छत्तीसगढ़ धार्मिक स्वातंत्र्य अधिनियम के प्रविधानों का पालन सुनिश्चित कराने, कथित प्रार्थना सभा की जांच करने, मतांतरण संबंधी शिकायतों पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही ईंट-पत्थर फेंकने एवं धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने मांग की गई है। पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर कानून का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

समाज का कहना है कि धार्मिक स्वतंत्रता प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन इस अधिकार की आड़ में किसी अन्य धर्म, आराध्य देवता या धार्मिक मान्यताओं का अपमान तथा किसी भी प्रकार की हिंसा स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए। समाजजनों ने शासन-प्रशासन से क्षेत्र की सामाजिक समरसता, आदिवासी परंपराओं, धार्मिक स्वतंत्रता एवं सनातन संस्कृति के सम्मान को सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…