Live VNS

जीविका के पशु स्वास्थ्य शिविर में 700 से अधिक पशुओं का हुआ इलाज

जीविका के पशु स्वास्थ्य शिविर में 700 से अधिक पशुओं का हुआ इलाज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

किशनगंज, 25 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा देने और पशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जीविका एवं पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में पशु स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। बुधवार को बहादुरगंज प्रखंड के भौरादह पंचायत अंतर्गत माल टोला गांव में आयोजित इस शिविर में 700 से अधिक पशुओं का निःशुल्क इलाज किया गया। साथ ही पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल के संबंध में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श दिया।

जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक अनुराधा चंद्रा ने बताया कि ग्रामीण पशुपालकों को उनके गांव और पंचायत में ही विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। किशनगंज जिले के सभी सात प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से शिविर लगाए जा रहे हैं। अब तक सात शिविर आयोजित किए जा चुके हैं।

शिविर में विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों ने बीमार पशुओं की जांच कर उनका उपचार किया। पशुओं को कृमिनाशक दवाइयां और मिनरल मिक्सचर भी निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा पशुपालकों को पशुओं के पोषण, नियमित देखभाल और हरा चारा उत्पादन के महत्व की जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि संतुलित आहार और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन से पशुओं की उत्पादकता बढ़ती है तथा मृत्यु दर में कमी आती है। घर के समीप ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से स्थानीय पशुपालकों को काफी सुविधा मिली। शिविर का आयोजन तिरंगा संकुल संघ, बहादुरगंज के माध्यम से किया गया। इस मौके पर पशु चिकित्सक डॉ. सुमन कुमार झा, बीपीएम बहादुरगंज अभिनव कुमार, युवा पेशेवर लाइवस्टॉक प्रेम रंजन, जीविका कर्मी चंद्रकांत कुमार सहित अन्य कर्मी एवं पारावेट मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…