Live VNS

जांजगीर-चांपा में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण

जांजगीर-चांपा में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जांजगीर-चांपा, 11 नवंबर (हि.स.)। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू होगी। इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बुधवार को अकलतरा, तिलई, भिलौनी और मेऊ स्थित धान उपार्जन केंद्रों एवं संग्रहण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को शेष तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

जिले में इस वर्ष कुल 102 समितियों के अंतर्गत 134 धान उपार्जन केंद्रों में किसानों से धान खरीदा जाएगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अकलतरा संग्रहण केंद्र में फड़ निर्माण, समतलीकरण, पानी निकासी, ड्रेनेज व्यवस्था, धर्मकांटा और भंडारित धान के रखरखाव का जायजा लिया। उन्होंने धान के सुरक्षित भंडारण के लिए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदाने, इंटरनेट कनेक्टिविटी, कंप्यूटर, तिरपाल और हमालों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा साफ-सफाई, फेंसिंग, बिजली, सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक उपकरण, पेयजल, किसानों के बैठने के लिए छायादार स्थान, शौचालय और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति प्रभारियों, कंप्यूटर ऑपरेटरों, प्राधिकृत अधिकारियों और किसानों से चर्चा कर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को टोकन जारी करने में किसी तरह की बाधा या अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। धान खरीद की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित की जाए तथा किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

कलेक्टर ने अवैध धान की आवक रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट स्थापित करने और कोचियों एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान सहकारिता, विपणन और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…