Live VNS

राजस्थान में पंचायत समितियों के उप प्रधान चुनाव आज, 72 जगह निर्विरोध निर्वाचन; कई जिलों में सियासी घमासान

राजस्थान में पंचायत समितियों के उप प्रधान चुनाव आज, 72 जगह निर्विरोध निर्वाचन; कई जिलों में सियासी घमासान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के बाद अब पंचायत समितियों में उप प्रधान पद के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। प्रदेश के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में शनिवार को उप प्रधान पद के लिए चुनाव हो रहे हैं। अब तक 72 पंचायत समितियों में उप प्रधान का निर्वाचन निर्विरोध हो चुका है। शेष पंचायत समितियों में भाजपा, कांग्रेस, आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।

अजमेर जिले की पीसांगन पंचायत समिति में कांग्रेस के मेघाराम देवासी उप प्रधान निर्वाचित हुए। वहीं सिलोरा पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस और आरएलपी गठबंधन की ओर से मैदान में उतरीं गमराज देवी को भाजपा के खिलाफ उप प्रधान पद का प्रत्याशी बनाया गया है। नागौर जिले की पांचौड़ी पंचायत समिति में आरएलपी की कमला निर्विरोध उप प्रधान निर्वाचित हुईं। यहां पहले आरएलपी के पुनाराम मेघवाल प्रधान चुने गए थे। इसी तरह मूंडवा पंचायत समिति में आरएलपी के मुन्नाराम ग्वाला निर्विरोध उप प्रधान बने। दोनों पंचायत समितियों में प्रधान और उप प्रधान पद पर आरएलपी का कब्जा हो गया है।

जैसलमेर की कई पंचायत समितियों में भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ। भणियाणा में कांग्रेस के बरकत खान, नाचना में कांग्रेस के राजू सिंह और रामगढ़ में कांग्रेस के भूपतसिंह निर्विरोध उप प्रधान चुने गए। वहीं खुहड़ी में कांग्रेस की दिनेश कंवर और सांकड़ा में कांग्रेस के जसवंत सिंह भैंसड़ा का भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

दौसा में भी भाजपा और कांग्रेस को सफलता मिली। मनोहरपुर खेड़ला पंचायत समिति में भाजपा की संगीता मीना निर्विरोध उप प्रधान बनीं, जबकि मंडावर में कांग्रेस के निजामुद्दीन खान और महवा में कांग्रेस की मिश्री देवी गुर्जर निर्विरोध चुनी गईं।

भरतपुर की बयाना पंचायत समिति में राजनीतिक समीकरण ने खासा ध्यान खींचा। कांग्रेस के पूर्व विधायक अमरसिंह की बेटी भाजपा से निर्विरोध उप प्रधान बनीं। उन्होंने पंचायत समिति का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर जीता था।

भीलवाड़ा के खजूरी में विवाद भी सामने आया, जहां शुक्रवार को हुए विवाद और प्रत्याशियों की बस में तोड़फोड़ की जांच के लिए पहुंचे पुलिस अधीक्षक सागर राणा और भाजपा विधायक गोपी मीणा के बीच नोक-झोंक हो गई।

टोंक की टोडारायसिंह पंचायत समिति में भाजपा के कजोड़ बैरवा निर्विरोध उप प्रधान घोषित किए गए। चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी नरेश मीणा और उनके समर्थकों को पुलिस ने कथित तौर पर एक मिनट देरी होने की बात कहकर गेट पर रोक दिया, जिसके बाद पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बहस हुई।

जोधपुर जिले की भोपालगढ़ पंचायत समिति के प्रधान चुनाव में पार्टी लाइन से हटकर मतदान करने के मामले में कांग्रेस ने पांच निर्वाचित सदस्यों को पार्टी से निष्कासित कर दिया।

जोधपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और क्रॉस वोटिंग का हवाला देते हुए यह कार्रवाई की।

उप प्रधान चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में 3 अक्टूबर से लागू आचार संहिता हटने का रास्ता साफ हो जाएगा। आचार संहिता हटने के बाद तबादलों और नई योजनाओं से जुड़े कार्यों पर लगी रोक भी हटने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…