Live VNS

संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा का संकल्प : पंकज चौधरी

संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा का संकल्प : पंकज चौधरी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सहारनपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि सपा और कांग्रेस पीडीए तथा संविधान के नाम पर समाज को जातियों में बांटने का प्रयास कर रही हैं। दलित और पिछड़े समाज के प्रति उनका प्रेम केवल चुनावी लॉलीपॉप है। सपा शासन में गुंडे-माफिया सत्ता चलाते थे और चाचा-भतीजा मिलकर प्रदेश को लूटते थे। उत्तर प्रदेश की जनता इनके शासन को चार बार देख चुकी है और इनके राजनीतिक मंसूबों को समझती है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मंगलवार को सहारनपुर में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा एवं जनसभा को संबोधित कर रहे थे। पंकज चौधरी ने कहा कि संत शिरोमणि सतगुरु रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा और एनडीए का संकल्प है। संत रविदास ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां सभी को अन्न मिले और किसी के साथ भेदभाव न हो। इसी विचार को केंद्र में रखकर एनडीए सरकारें समरस समाज के निर्माण के लिए कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 29 जुलाई को काशी से समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ था। अब तक देशभर में करीब 29 हजार कलश वंदना यात्राएं निकाली गई हैं और 51 हजार स्थानों पर समरस दीप महोत्सव आयोजित किए गए हैं। 30 हजार से अधिक संतों का आशीर्वाद इस अभियान को मिला है। इसी क्रम में 18 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जालंधर से 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा को रवाना किया। सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए 2,402 किलोमीटर की यह यात्रा आज सहारनपुर पहुंची है।

चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को जीवनकाल में सम्मान नहीं दिया और उन्हें भारत रत्न से दशकों तक वंचित रखा। अनुच्छेद 370 के कारण जम्मू-कश्मीर में वाल्मीकि और दलित समाज नागरिक अधिकारों एवं आरक्षण से वंचित रहा, जिसे मोदी सरकार ने हटाकर उन्हें बराबरी का अधिकार दिलाया। कांग्रेस शासन में गरीबों तक एक रुपये में से केवल 15 पैसे पहुंचते थे, जबकि 2014 से अब तक मोदी सरकार ने 54 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे हैं। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर संविधान का अपमान किया और आज उसी के नाम पर राजनीति कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…