Live VNS

पंवाली कांठाः मखमली बुग्याल, पल-पल बदलता मौसम व हिमालय से साक्षात्कार

पंवाली कांठाः मखमली बुग्याल, पल-पल बदलता मौसम व हिमालय से साक्षात्कार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई टिहरी, 24 नवंबर (हि.स.)। शीतकालीन पर्यटन के लिए टिहरी जिले का पंवाली-कांठा बुग्याल क्षेत्र आकर्षक और एडवेंचर युक्त पर्यटन स्थल है। समुद्र तल से करीब 3400 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यहां के मखमली बुग्याल बरबस की पर्यटकों को अपनी ओर खींचते हैं। शांत पहाड़ी वादियां, पल-पल बदलता मौसम, मखमली घास व बुग्याल, सामने हिमालय का दीदार इसे और भी आकर्षक बना देता है। एडवेंचर और ट्रैकिंग के शौकीनों के लिए यह किसी सपने से कम नहीं है।

भिलंनगा ब्लॉक के दूरस्थ घुत्तू क्षेत्र स्थित पंवाली कांठा की यात्रा केवल एक ट्रैकिंग रूट है बल्कि प्रकृति से सीधा रूबरू होने का भी माध्यम है। घनसाली कस्बे से शुरू होने वाला यह ट्रैक मेंडू सिंधवाल गांव और माटिया बुग्याल जैसे प्रमुख पड़ावों से होकर गुजरता है। रास्ते में जंगलों की ठंडी हवा, कलकल बहते झरने, कहीं छोटे प्राकृतिक ताल और कहीं मखमली घास से ढके खुले मैदान यात्रियों को अपनी ओर खींच लाते हैं।

दूर-दूर तक फैली पर्वत श्रृंखलाएं, खुले आसमान के नीचे बुग्यालों की विशालता और मौसम साफ होने पर बर्फ से ढकी हिमालयी चोटियों के दृश्य इस यात्रा को यादगार बना देते हैं। यहां की शांति, स्वच्छ हवा और प्राकृतिक सौंदर्य शहरी जीवन की भागदौड़ से दूर एक अलग अनुभव प्रदान करते हैं।पंवाली कांठा उन लोगों के लिए विशेष आकर्षण रखता है, जो हिमालय को केवल देखना नहीं, बल्कि उसके बीच चलकर, प्रकृति को महसूस करके और स्थानीय जीवन से जुड़कर अनुभव करना चाहते हैं।

हालांकि अधिक ऊंचाई, दुर्गम रास्तों और तेजी से बदलते मौसम में यहां शारीरिक फिट रहने की चुनौती भी कम नहीं है। ऐसे में मौसम और स्थानीय लोगों की राय को देखते ही ट्रैकिंग करनी चाहिए। सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने एक यात्री दल के साथ बीते माह ही यहां ट्रैकिंग में हिस्सा लिया। उनके साथ भिलंगना के बीडीओ विपिन भी गए। सीडीओ ने कहा कि प्रकृति के इतने सुंदर नजरे बहुत निकट से उन्होंने पहली बार देखे।

बताया कि मेंडू सिंधवाल गांव सहित आसपास के गांवों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए गाइड सेवाओं, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों व अन्य पर्यटन आधारित गतिविधियों के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जा सकते हैं। सीडीओ अग्रवाल ने बताया कि ग्रामोत्थान योजना के तहत स्थानीय घंटाकर्ण स्वयं सहायता समूह को ट्रैकिंग एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 10 लाख रुपये की परियोजना से आच्छादित किया है।

पंवाली कांठा जैसे बुग्याल केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि हिमालय की महत्वपूर्ण प्राकृतिक विरासत हैं। यहां पर्यटन गतिविधियों का विस्तार पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन के सिद्धांतों के अनुरूप किया जाना आवश्यक है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…