Live VNS

संविधान की मूल आत्मा से खिलवाड़ के खिलाफ परिधि और पीस सेंटर ने चलाया जागरूकता अभियान

संविधान की मूल आत्मा से खिलवाड़ के खिलाफ परिधि और पीस सेंटर ने चलाया जागरूकता अभियान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भागलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को सामाजिक संस्था 'परिधि' और 'पीस सेंटर' के संयुक्त तत्वावधान में जिले के विभिन्न हिस्सों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान शहर के तिलकामांझी और खलीफाबाग चौक पर आम लोगों के बीच पर्चा वितरण किया गया, वहीं कहलगांव, बड़ी जमीन और मक्खातकिया में जन-संवाद और विमर्श का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम में युवाओं, मछुआरों, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन और डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से लोगों को भारतीय संविधान के महत्व को समझाया गया। साथ ही, संविधान की मूल आत्मा के साथ हो रहे खिलवाड़ पर गंभीर विमर्श किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिधि के निदेशक उदय ने कहा कि संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों और प्रस्तावना की बदौलत ही देश में शिक्षा का अधिकार कानून लागू हो सका। 86वें संविधान संशोधन के तहत इसे जीवन के अधिकार (अनुच्छेद 21A) से जोड़ा गया, जबकि अनुच्छेद 45 और 51 एके भी शिक्षा को सुनिश्चित करते हैं।

उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून, आवास और आजीविका से जुड़ी योजनाएं संविधान की ही देन हैं। समाजवादी राष्ट्र निर्माण के संकल्प के कारण ही जमींदारी उन्मूलन, भूमि सुधार कानून और सीलिंग एक्ट बने, जिससे गरीबों को जमीन का हक मिला।

वक्ताओं ने कहा कि संविधान जाति, धर्म, लिंग, नस्ल, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से परे सभी को बराबरी का हक देता है। छुआछूत निवारण, मंदिर प्रवेश और डायन-ओझा जैसी कुप्रथाओं का अंत भी संविधान के कारण ही संभव हुआ है। संविधान को मजबूत करके ही बुद्ध, डॉ. अंबेडकर, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस और कर्पूरी ठाकुर के सपनों का भारत बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में लाडली राज, मनोज, अर्जुन शर्मा, पंकज मंडल, मुनिलाल मंडल, योगेंद्र सहनी, सुनील सहनी, रमजानी, आयुक्ता, रेशमा, प्रिंस, रोहित कुमार और नरेश महलदार आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…