Live VNS

संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर 'परिधि' ने किया विमर्श का आयोजन, कहा- आजादी आंदोलन के मूल्यों का दस्तावेज है हमारा संविधान

संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर 'परिधि' ने किया विमर्श का आयोजन, कहा- आजादी आंदोलन के मूल्यों का दस्तावेज है हमारा संविधान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भागलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को स्थानीय कला केंद्र में पीस सेंटर 'परिधि' की ओर से एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय आजादी आंदोलन मूल्यों के वास्ते : संविधान के रास्ते रखा गया था। गोष्ठी की अध्यक्षता प्रो. डॉ. मनोज कुमार ने की, जबकि संचालन और संयोजन उदय ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में संयोजक उदय ने एक संक्षिप्त और सारगर्भित पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से भारतीय संविधान की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान स्वतंत्रता संग्राम की देन है और यह आजादी आंदोलन के मूल्यों का जीवंत दस्तावेज है। इस पर देश के सामाजिक-सांस्कृतिक सुधार आंदोलनों के साथ-साथ भक्ति और सूफी परंपरा के संतों व फकीरों का भी गहरा प्रभाव है।

उदय ने आगे कहा कि संविधान हमें 'प्रजा' से 'नागरिक' बनाता है। भारत विभिन्न उप-राष्ट्रीयताओं का समूह और एक बनता हुआ राष्ट्र है, जिसे महात्मा गांधी के नेतृत्व में नई गति मिली। इसी विविधता को समेटे हुए एक मजबूत राष्ट्र निर्माण के लिए संविधान में संघीय ढांचा, पांचवीं-छठी अनुसूची, बहुदलीय संसदीय लोकतंत्र, धार्मिक व सांस्कृतिक स्वतंत्रता, और मौलिक अधिकारों का प्रावधान किया गया है। साथ ही, लोकतंत्र की मजबूती के लिए कार्यपालिका, विधायिका व न्यायपालिका के बीच शक्ति संतुलन, स्वतंत्र संस्थाओं की स्वायत्तता, वैज्ञानिक सोच, समाजवाद और जैव विविधता की रक्षा जैसे पहलुओं को भी इसमें शामिल किया गया है।

प्रो. डॉ. मनोज कुमार (अध्यक्ष) ने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रस्तावना हमारे संविधान की मूल दिशा निर्धारित करती है। वर्तमान समय में संविधान की मूल आत्मा पर हमला हो रहा है। आजादी आंदोलन के मूल्यों को समाप्त करने की मंशा से ही कुछ लोग यह दावा करते हैं कि देश को आजादी 2014 में मिली है।

डॉ. योगेंद्र ने कहा कि संविधान की सबसे बड़ी देन 'जनता की संप्रभुता' है। हालांकि, उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि मूल संविधान में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने वाले पर्याप्त प्रावधान नहीं थे (जिन्हें बाद में जोड़ा गया)। विमर्श के दौरान डॉ. सुनील अग्रवाल, मृदुला सिंह, स्मिता कुमारी, मो. जिया, मिंटू कलाकार, करीम अंसारी, भरत, मनोज, योगेंद्र सहनी और शाहबाज़ सहित कई बुद्धिजीवियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…