जींद के नरवाना में 100 बिस्तरों को होगा नागरिक अस्पताल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जींद, 19 नवंबर (हि.स.)। नरवाना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए खुशखबरी है। प्रदेश सरकार ने नरवाना स्थित नगारिक अस्पताल को 50 बिस्तरों से अपग्रेड कर 100 बिस्तरों का बनाने की मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर करीब 106 करोड़ से अधिक रुपये खर्च होने का अनुमान है। अस्पताल की क्षमता दोगुनी होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके साथ ही गंभीर बीमारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करने की परेशानी भी कम होगी।
नरवाना सिविल अस्पताल के 100 बिस्तरों का होने से नरवाना शहर के अलावा आसपास के दर्जनों गांवों की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढऩे से मरीजों को भर्ती करने की क्षमता में इजाफा होगा। इसके साथ ही चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ डॉक्टरों और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होने की भी उम्मीद है। इस समय अस्पताल केवल 50 बैड का है। क्षमता बढऩे से मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। वहीं जींद जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल पर मरीजों का अतिरिक्त दबाव भी कम होगा।
नरवाना क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता में सुधार होगा। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को उसके घर के नजदीक सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। इसी दिशा में नरवाना सिविल अस्पताल के विस्तार को मंजूरी दी गई है।
नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डा. रघुवीर पूनिया ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री द्वारा नरवाना अस्पताल के 100 बिस्तरों के अस्पताल में अपग्रेडेशन की मंजूरी दी है। इससे नरवाना क्षेत्र के आसपास के गांवों को बहुत लाभ होगा। निर्माण पर 106 करोड़ से अधिक की राशि खर्च होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा