Live VNS

नेहरू जयंती पर डोटासरा का भाजपा पर हमला, बोले- पंचायत चुनाव के बाद प्रदेशव्यापी जन आंदोलन करेगी कांग्रेस

नेहरू जयंती पर डोटासरा का भाजपा पर हमला, बोले- पंचायत चुनाव के बाद प्रदेशव्यापी जन आंदोलन करेगी कांग्रेस

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नेहरू जयंती पर भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनकल्याणकारी योजनाओं की कमी के आरोप लगाए। उन्होंने घोषणा की कि पंचायत चुनाव के बाद कांग्रेस प्रदेशभर में भाजपा सरकार के कथित कुशासन, बढ़ते भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शनिवार को प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। डोटासरा सहित प्रदेश पदाधिकारियों, विधायकों, विधायक प्रत्याशियों और जयपुर शहर व देहात जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर मीडिया से बातचीत में डोटासरा ने कहा कि नेहरू ने देश की आजादी के लिए लंबा संघर्ष किया और प्रधानमंत्री के रूप में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास की मजबूत नींव रखी।

आईआईटी, एम्स और भाखड़ा बांध जैसी संस्थाओं व परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश के विकास में नेहरू का योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने भाजपा पर नेहरू और उनके कार्यों को बदनाम करने का षड्यंत्र करने का आरोप भी लगाया।

डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने शिक्षा का अधिकार, खाद्य सुरक्षा अधिनियम, रोजगार का अधिकार और सूचना का अधिकार जैसे कानून लागू किए। उन्होंने दावा किया कि केंद्र की कांग्रेस सरकार ने किसानों के 72 हजार करोड़ रुपए और राजस्थान की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने 14 हजार करोड़ रुपए के ऋण माफ किए थे।

प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने मिड-डे मील में कथित घोटालों, बच्चों तक पोषाहार नहीं पहुंचने, शिक्षकों की कमी और भर्तियां नहीं निकलने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है, व्यापारियों से फिरौती वसूली जा रही है और लूट व हत्या की घटनाएं बढ़ रही हैं। डोटासरा ने आरोप लगाया कि सरकार अपराध नियंत्रण के बजाय पुलिस प्रशासन का उपयोग राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…