कृषि विभाग कार्यालय में मिला चपरासी का शव, दो-तीन दिन पुराना होने की आशंका
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
फर्रुखाबाद, 12 नवंबर (हि.स.)। कादरी गेट थाना क्षेत्र के आवास विकास लकुला स्थित कृषि विभाग कार्यालय में गुरुवार काे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव दो से तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। कार्यालय के अंदर से तेज बदबू आने पर सफाई कर्मचारी ने अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और कृषि विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव राजा नगला निवासी 42 वर्षीय होशियार सिंह कृषि विभाग में चपरासी के पद पर तैनात थे। दीपावली के त्योहार को देखते हुए उनकी रात में कार्यालय में ड्यूटी लगाई गई थी। गुरुवार सुबह सफाई कर्मचारी कार्यालय में साफ-सफाई करने पहुंचा तो अंदर से दुर्गंध आने लगी। संदेह होने पर उसने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। सूचना पर उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्रा सहित विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बताया गया कि जिस स्थान पर कर्मचारी का शव पड़ा था, वहां बाहर की ओर चैनल लगा हुआ था और उसमें अंदर से ताला बंद था। इस कारण घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। उनके पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था। सीओ सिटी अभय वर्मा भी मौके पर पहुंचे और कृषि विभाग के अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्रा ने बताया कि होशियार सिंह विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे। उनकी रात्रि ड्यूटी लगाई गई थी। गुरुवार कार्यालय खोलने के दौरान अंदर से ताला बंद मिला और दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर