Live VNS

महादलित टोला के लोगों को जलजमाव से मिले निजात, डीएम से करेंगे बात : डॉ. चक्रपाणि

महादलित टोला के लोगों को जलजमाव से मिले निजात, डीएम से करेंगे बात : डॉ. चक्रपाणि

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भागलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। जिले के अकबरनगर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-5 स्थित महादलित टोला में जलनिकासी की गंभीर समस्या को लेकर गुरुवार को बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. चक्रपाणि हिमांशु मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया।

ग्रामीणों ने बताया कि कुछ घरों से निकलने वाला गंदा पानी सीधे सार्वजनिक सड़क पर बहाया जा रहा है। इससे सड़क पर हमेशा जलजमाव और गंदगी की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों और राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस समस्या के समाधान के लिए पूर्व में भी आवेदन देकर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

निरीक्षण के बाद डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने लोगों को आश्वस्त किया कि वे इस गंभीर मामले को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे और आवश्यक पहल करेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के लिए सोख्ता गड्ढा निर्माण हेतु जमीन भी चिह्नित कर ली गई है। इसके बन जाने से घरों के गंदे पानी का उचित निस्तारण हो सकेगा और सड़क पर पानी बहने की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।

डॉ. हिमांशु ने कहा कि सार्वजनिक सड़क आम जनता के आवागमन के लिए है। किसी भी व्यक्ति को अपनी निजी सुविधा के लिए सार्वजनिक रास्ते का ऐसा उपयोग नहीं करना चाहिए, जिससे दूसरों को परेशानी हो। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से भी इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को दूर करना नगर पंचायत की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…