फार्मासिस्टों ने 18 मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय पर दिया धरना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जौनपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने शुक्रवार को अपनी 18 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला मुख्यालय स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के बाद फार्मासिस्टों ने सीएमओ डॉ. गंगा राम गौतम को मांगपत्र सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
एसोसिएशन ने शासन को भेजे गए मांगपत्र में फार्मासिस्ट का पदनाम बदलकर 'फार्मेसी अधिकारी' करने की मांग की है। इसके अलावा चीफ फार्मासिस्ट का पदनाम 'चीफ फार्मेसी अधिकारी' तथा विशेष कार्याधिकारी (फार्मेसी) का पदनाम बदलकर 'सहायक निदेशक फार्मेसी' करने का प्रस्ताव रखा है।
फार्मासिस्टों ने प्राथमिक उपचार के साथ सीमित आवश्यक दवाएं लिखने का अधिकार देने और ग्रामीण अस्पतालों में ओपीडी सेवा शुरू करने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही रिक्त पदों पर नियुक्तियां करने, लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने तथा वर्ष 2005 के बाद नियुक्त फार्मासिस्टों की वरिष्ठता सूची जारी करने की मांग की गई।
मांगपत्र में वेतनमान और भत्तों में सुधार, एंबुलेंस एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के माध्यम से दवा वितरण की व्यवस्था तथा जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
एसोसिएशन ने फार्मेसी संवर्ग का पुनर्गठन करने, कार्यक्षेत्र से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने तथा मेडिकल कॉलेजों और महिला अस्पतालों में फार्मासिस्टों के नए पद सृजित करने की मांग भी की। फार्मासिस्टों ने कहा कि उनकी मांगों पर शासन स्तर से सकारात्मक निर्णय लेकर समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव