Live VNS

पीएचसी गजा का सीएचसी में उच्चीकरण, 24 पदों का किया सृजन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई टिहरी, 28 नवंबर (हि.स.)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टाइप-ए गजा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकरण किया गया है। अस्पताल में बेड की क्षमता को 30 किया गया है। साथ ही यहां चिकित्सा अधीक्षक सहित 24 पदों की स्वीकृति दी गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य मंत्री व स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल का आभार जताया है।

बीते दिवस स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय की ओर से जारी शासनादेश में पीएचसी गजा को 30 बेड के सीएचसी के रूप में उच्चीकरण के साथ ही यहां विभिन्न पदों का सृजन किया गया है। जिसमें चिकत्सा अधीक्षक, जनरल सर्जन, निश्चेतक, फिजिशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, चिकित्साधिकारी और दंत शल्य के एक-एक पद, नर्सिंग अधिकारी 3, फार्मेसी, लैब टेक्निशियन, एक्सरे टेक्निशियन, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, स्वास्थ्य कार्यकर्ता के एक-एक पद, एक कनिष्ठ सहायक सहित आउटसोर्स के आठ पद शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री उनियाल ने बताया कि बीते मई माह में घंटाकर्ण महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी ने अस्पताल के उच्चीकरण की घोषणा की थी। बताया कि जल्द ही अस्पताल उच्चीकरण का उद्घाटन किया जाएगा। उच्चीकरण पर नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर खाती, जोत सिंह असवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश रावत, सुनील चौहान, भगवान सिंह चौहान आदि ने सीएम धामी और मंत्री उनियाल का आभार जताया है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…