Live VNS

पिपरा हाट परिसर में कचड़े के ढेर में लगी आग, ग्रामीणों ने बुझाया, दमकल देर से पहुंचने पर जताया आक्रोश

पिपरा हाट परिसर में कचड़े के ढेर में लगी आग, ग्रामीणों ने बुझाया, दमकल देर से पहुंचने पर जताया आक्रोश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सुपौल, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार स्थित हाट परिसर में शनिवार को अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग हाट परिसर में एक दुकान के पीछे जमे कचड़े के ढेर में लगी थी। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी और धुएं का घना गुबार पूरे इलाके में फैल गया। आग की भयावहता देख बाजार में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

आग फैलते देख स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि आग किसी दुकान तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था और दुकानों में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका थी।

घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। हालांकि, आग बुझने के बाद दमकल वाहन के पहुंचने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना था कि दमकल की गाड़ी समय पर पहुंचती तो राहत कार्य में और मदद मिलती।

बाद में दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग लगे स्थल पर पानी का छिड़काव कर आग को पूरी तरह बुझाया। फिलहाल अगलगी की घटना में किसी प्रकार के नुकसान का आकलन नहीं किया गया है। घटना के बाद हाट परिसर में जमा कचड़े की नियमित सफाई और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…