ग्राम पंचायत बड़े चकवा में बाल विवाह मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जगदलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत 27 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत बड़े चकवा में बाल विवाह रोकथाम के लिए विशेष ग्राम सभा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने तथा शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को बाल विवाह मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर सार्वजनिक स्थल पर आयोजित विशेष ग्राम सभा में बाल विवाह के दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए लोगों को जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उनके अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि बाल विवाह को रोकने के लिए जागरूकता फैलाएं और ऐसी घटनाओं का विरोध करें।
सुरेंद्र ठाकुर ने अपने संबोधन में बताया कि लड़कियों की शादी 18 वर्ष से कम उम्र में तथा लड़कों की शादी 21 वर्ष से कम उम्र में नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी को कानूनी उम्र, बच्चों के अधिकार एवं बाल विवाह के दुष्परिणामों को ध्यान में रखते हुए इस सामाजिक कुरीति को रोकने के लिए आगे आना चाहिए।
शिक्षक उमेश पांडे ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना के बारे में जानकारी देते हुए संविधान में निहित समानता, न्याय, स्वतंत्रता एवं अधिकारों के मूल्यों को समझाया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों को जानने की प्रेरणा दी।
इसके साथ ही स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बड़े चकवा में छात्र-छात्राओं के बीच भी बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई। सभी ने बाल विवाह मुक्त भारत बनाने तथा बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती जनक कश्यप, उपसरपंच पूरन सिंह कश्यप, डॉ. कमल किशोर कश्यप, पटेल कल्याण बघेल, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे