पीएम मोदी कल सुपौल को देंगे विकास परियोजनाओं की सौगात, 126 करोड़ की डेयरी योजनाओं का होगा शिलान्यास

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सुपौल, 20 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार, 21 नवंबर को सुपौल जिले को विकास योजनाओं की कई महत्वपूर्ण सौगात देंगे। प्रधानमंत्री के कर-कमलों द्वारा विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर जिले से संबंधित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सुपौल नगर भवन (टाउन हॉल) में आयोजित होगा। जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अवसर पर सड़क, डेयरी विकास और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जाएगा। इन योजनाओं से जिले में आधारभूत संरचना के विकास के साथ-साथ आवागमन, रोजगार और शिक्षा की सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 327AD पर सरायगढ़ से लालगंज-गणपतगंज होते हुए राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 106 (नवीन एनएच-131) तक सड़क परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा। करीब 10.672 किलोमीटर लंबी इस सड़क का दो लेन सहित पेव्ड शोल्डर के साथ उन्नयन एवं निर्माण कराया गया है। इसके शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा सड़क संपर्क और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। डेयरी विकास के क्षेत्र में भी जिले को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार तथा बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) के अंतर्गत कोसी दुग्ध उत्पादन सहकारी संघ, सुपौल में कुल 126.07 करोड़ रुपये की विभिन्न डेयरी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं से दुग्ध उत्पादन एवं प्रसंस्करण की क्षमता बढ़ाने के साथ सहकारी डेयरी व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। इससे जिले के पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
शिक्षा के क्षेत्र में सुपौल प्रखंड की हरदी पंचायत के देवेन्द्रनगर, चौघारा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया जाएगा। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अंतर्गत निर्मित इस विद्यालय भवन की क्षमता 720 विद्यार्थियों की है। इसके निर्माण पर 4607.97 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है। विद्यालय के शुरू होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इसके अतिरिक्त बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड की सुपौल से संबंधित परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा।
जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। शनिवार को नगर भवन (टाउन हॉल), सुपौल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र