प्रधानमंत्री मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस से की मुलाकात, द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मनीला, 17 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को मनीला में फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने रक्षा एवं सुरक्षा, अंतरिक्ष, रेलवे बुनियादी ढांचे, वित्तीय प्रौद्योगिकी, व्यापार और निवेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह मुलाकात आसियान शिखर सम्मेलन से इतर हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने इस वर्ष आसियान की सफल अध्यक्षता के लिए फिलीपींस को बधाई दी। उन्होंने 2024 से आसियान में भारत के देश समन्वयक के रूप में फिलीपींस की भूमिका और भारत-आसियान संबंधों को मजबूत करने में उसके निरंतर सहयोग की सराहना की।
दोनों नेताओं ने सितंबर 2026 में नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान हुई अपनी पिछली मुलाकात को भी याद किया। उस समय प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान अध्यक्ष के रूप में राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर को भारत आने का निमंत्रण दिया था।
दोनों नेताओं ने अगस्त 2025 में राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर की भारत की राजकीय यात्रा के दौरान स्थापित रणनीतिक साझेदारी के तहत विभिन्न क्षेत्रों में बढ़े सहयोग पर संतोष जताया। उन्होंने रक्षा एवं सुरक्षा, अंतरिक्ष, रेलवे बुनियादी ढांचे, वित्तीय प्रौद्योगिकी, व्यापार और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर