Live VNS

प्रधानमंत्री मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे

प्रधानमंत्री मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-'धरती आबा' भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती को समर्पित है कार्यक्रम

-लगभग 3,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

-मिजोरम के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन भी करेंगे

नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित 'जनजातीय गौरव दिवस' कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वे 'धरती आबा' भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर वहां उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य देश के जनजातीय समुदाय के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, आजीविका और सामुदायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने दी।

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 173 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें जनजातीय विद्यार्थियों के लिए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) के तहत 100 बहुउद्देश्यीय केंद्र शामिल हैं। यह केंद्र सेवाओं की आपूर्ति और सामुदायिक गतिविधियों के रूप में काम करेंगे। वह पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (डीएजेजीयूए) के तहत विभिन्न अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में 'ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट' (टीआरआई) का भवन और मिजोरम के आइजोल में 'रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय' का भी उद्घाटन करेंगे। इनका उद्देश्य जनजातीय संस्कृति एवं विरासत को संरक्षित करना है।

यह संग्रहालय मिजो जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, वीरता एवं बलिदान की याद दिलाने के साथ-साथ मिजो लोगों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत एवं धरोहर को भी प्रदर्शित करता है। इसका नाम 19वीं सदी की मिजो महिला प्रमुख 'रोपुइलियानी' के नाम पर रखा गया है। उन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन का साहसपूर्वक विरोध किया। उन्हें जनजातीय प्रतिरोध और बलिदान के प्रतीक के रूप में याद किया जाता है।

प्रधानमंत्री 19 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का शिलान्यास करेंगे। इससे जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी। वह जनजातीय उत्पादकों के लिए बाजार तक पहुंच को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 12 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केन्द्रों (टीएमएमसी) का शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री पीएम-जनमन और डीएजेजीयूए के तहत 42 अन्य परियोजनाओं की भी आधारशिला रखेंगे।

यह कार्यक्रम 'जनजातीय गौरव पखवाड़ा' के समापन का प्रतीक होगा। यह पखवाड़ा पहली नवंबर से देश भर में मनाया जा रहा है। इस पखवाड़े के दौरान राष्ट्रीय एवं जमीनी स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इनमें राष्ट्रपति का ईएमआरएस के विद्यार्थियों के साथ संवाद, राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव, जनजातीय चिकित्सकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के लिए स्वास्थ्य एवं पोषण शिविर और 'धरती आबा जनभागीदारी अभियान' के तहत जनजातीय गांवों में सामुदायिक सेवा अभियान शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…