Live VNS

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर कार्यशाला: उपभोक्ताओं को मिलेगी 300 यूनिट मुफ्त बिजली व 98 हजार रूपये तक की सब्सिडी

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर कार्यशाला: उपभोक्ताओं को मिलेगी 300 यूनिट मुफ्त बिजली व 98 हजार रूपये तक की सब्सिडी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कटिहार, 24 नवंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के सफल क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को कटिहार अभियंत्रण महाविद्यालय के सभागार में एक जिला स्तरीय बैठक सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व शहरी घरेलू उपभोक्ताओं की छतों पर सौर ऊर्जा पैनल लगाकर उन्हें 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना, अतिरिक्त बिजली से आय का साधन देना और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य कर कटिहार को इस योजना में राज्य का अग्रणी जिला बनाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में योजना के लाभ, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया (pmsuryaghar.gov.in), बैंक ऋण तथा केंद्र व राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली संयुक्त सब्सिडी की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि एक किलोवाट का सोलर पैनल लगाने पर केंद्र सरकार की ओर से 30 हजार और बिहार सरकार की ओर से 10 हजार यानी कुल 40 हजार रुपये की सब्सिडी मिलती है। इसी प्रकार, दो किलोवाट पर केंद्र से 60 हजार व राज्य से 20 हजार (कुल 80 हजार रुपये) तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर केंद्र से 78 हजार व बिहार सरकार से 20 हजार यानी कुल 98 हजार रुपये तक का अनुदान सीधे लाभुक के बैंक खाते में भेजा जाता है।

डीएम ने बिजली विभाग व संबंधित एजेंसियों को प्रत्येक प्रखंड में विशेष कैंप लगाकर अधिक से अधिक लोगों का पंजीकरण कराने और जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही सोलर वेंडरों को गुणवत्तापूर्ण पैनल लगाने और समय पर इंस्टॉलेशन पूरा करने की सख्त हिदायत देते हुए लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, उप विकास आयुक्त, मेयर, डिप्टी मेयर, वार्ड पार्षदगण, नॉर्थ ईस्टर्न बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी व सदस्य, सभी बैंकों के जिला समन्वयक, नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी, विद्युत प्रमंडल कटिहार व बारसोई के कार्यपालक अभियंता, सहायक व कनीय अभियंता तथा सोलर वेंडर उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…