सात दिन में 360 उपभोक्ताओं ने कराया सोलर योजना में पंजीकरण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
घरेलू उपभोक्ताओं के साथ आरडब्ल्यूए को भी मिलेगा योजना का लाभ
जोधपुर, 12 नवम्बर (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को लेकर जोधपुर में उपभोक्ताओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। जालोरी गेट स्थित जोधपुर डिस्कॉम के जीएसएस सब स्टेशन के निकट एमएनआरई एवं डिस्कॉम की ओर से लगाए गए सोलर बूथ पर सात दिनों में 360 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है।
सिटी एक्सीलरेशन प्रोग्राम के तहत 4 नवंबर से शुरू हुए इस बूथ पर प्रतिदिन पहुंच रहे उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर लगाने की प्रक्रिया, सरकारी सब्सिडी, वेंडर चयन और बिजली बिल में संभावित बचत की जानकारी दी जा रही है। चार और 5 नवंबर को सर्वाधिक 74-74 पंजीकरण हुए। छह नवंबर को 55, 7 नवंबर को 57, 8 नवंबर को 34, 9 नवंबर को 36 तथा 10 नवंबर को 30 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया।
एमएनआरई के ऋषभ त्यागी ने बताया कि योजना के तहत पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की ओर से अधिकतम 78 हजार रुपए तक की केंद्रीय वित्तीय सहायता तथा राजस्थान सरकार की ओर से पात्रता के अनुसार 17 हजार रुपए तक की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिल सकती है।
उन्होंने बताया कि आवासीय कॉलोनियों की आरडब्ल्यूए भी योजना का लाभ ले सकती हैं। सोसायटियों में लिफ्ट, स्ट्रीट लाइट, पानी की मोटर और कॉमन एरिया की बिजली जरूरतों के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग किया जा सकता है। जोधपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता (पीएमएसजी) प्रहलाद राम ने कहा कि योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए डिस्कॉम लगातार प्रयास कर रहा है। सोलर बूथ पर उपभोक्ताओं को जानकारी और पंजीकरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश