Live VNS

जम्मू में पीओजेके विस्थापितों ने शहीदी दिवस पर किया प्रदर्शन, सचिवालय की ओर बढ़ रही रैली को पुलिस ने रोका

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जम्मू,, 25 नवंबर (हि.स.)।

पीओजेके विस्थापित फ्रंट (नॉन कैंप) की ओर से जम्मू के रमेशपुर चौक स्थित शहीदी स्थल पर शहीदी दिवस मनाया गया। इस दौरान वर्ष 1947, 1965 और 1971 के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। बड़ी संख्या में विस्थापित परिवारों ने एकत्रित होकर अपनी दशकों पुरानी लंबित मांगों को उठाया। फ्रंट के अध्यक्ष सेवानिवृत्त कैप्टन युद्धवीर सिंह चिब के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और झंडे लेकर सचिवालय की ओर रैली निकालने का प्रयास किया। हालांकि, फ्रंट के अनुसार, पुलिस ने डोगरा चौक के पास रैली को रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्ष 2013 में गठित संयुक्त संसदीय समिति ने प्रत्येक विस्थापित परिवार को 30 लाख रुपये मुआवजा देने की सिफारिश की थी, लेकिन अब तक केवल 5.5 लाख रुपये ही दिए गए हैं। उन्होंने बकाया 24.5 लाख रुपये जारी करने, कृषि भूमि आवंटित करने और जमीन के मालिकाना हक देने की मांग की। इसके अलावा वर्ष 1971 के नॉन कैंप विस्थापित परिवारों को 10 मरले के आवासीय प्लॉट, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2.5 लाख रुपये की सहायता और विधानसभा में पीओजेके विस्थापितों के लिए कम से कम 12 सीटें आरक्षित करने की मांग भी उठाई गई। फ्रंट ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्र सरकार से लंबित समस्याओं का जल्द समाधान करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…