Live VNS

घर के बाहर बैठकर बेच रहा था गांजा, एचएसएनसीबी ने तस्कर को किया गिरफ्तार

घर के बाहर बैठकर बेच रहा था गांजा, एचएसएनसीबी ने तस्कर को किया गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नूंह, 22 नवंबर (हि.स.)। नूंह जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की फरीदाबाद यूनिट ने गांव इंडरी में गांजा बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विक्रम निवासी गांव इंडरी, थाना रोजका मेव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक किलो 323 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी अपने घर के बाहर पैड़ी पर बैठकर गांजा बेचने का काम करता था।

एचएसएनसीबी फरीदाबाद यूनिट के इंचार्ज इंस्पेक्टर संग्राम सिंह के अनुसार, उनकी टीम थाना रोजका मेव क्षेत्र में नशा विरोधी गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव इंडरी निवासी विक्रम अवैध रूप से गांजा बेचने का कारोबार करता है। वह अपने घर के बाहर बैठकर गांजा बेचता है और उस समय भी काले रंग के पिट्ठू बैग में गांजा लेकर किसी को देने के लिए घर के बाहर मौजूद है।

सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत गांव इंडरी में दबिश दी। मौके पर मुखबिर के बताए स्थान पर एक व्यक्ति घर के सामने पैड़ी पर बैठा मिला, जिसके हाथ में काले रंग का पिट्ठू बैग था। पुलिस टीम ने उसे काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान विक्रम निवासी इंडरी के रूप में बताई। पुलिस टीम ने नियमानुसार बैग की तलाशी ली तो उसमें रखी सफेद प्लास्टिक की थैली से गांजा बरामद हुआ। डिजिटल कांटे पर तौल करने पर प्लास्टिक थैली सहित गांजे का कुल वजन 1 किलो 323 ग्राम पाया गया। आरोपी गांजे से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका।

इस मामले में थाना रोजका मेव में एफआईआर के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच के बाद एचएसएनसीबी की टीम ने आरोपी को थाना रोजका मेव पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब आरोपी से गांजे की सप्लाई के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…