Live VNS

कैथल: नशा तस्करों के ठिकानों पर पुलिस की दबिश, 100 जवानों ने चलाया कॉम्बिंग अभियान

कैथल: नशा तस्करों के ठिकानों पर पुलिस की दबिश, 100 जवानों ने चलाया कॉम्बिंग अभियान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कैथल, 13 नवंबर (हि.स.)। नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत कैथल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह चीका क्षेत्र के गांव कल्लर माजरा में संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों पर विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। डीएसपी गुहला हरदीप सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में करीब 100 पुलिस कर्मचारियों की 10 टीमों ने हिस्सा लिया। पुलिस ने स्निफर डॉग की सहायता से संदिग्ध नशा तस्करों के करीब 20 घरों सहित अन्य स्थानों की गहनता से जांच की।एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान में एसएचओ चीका इंस्पेक्टर रमेश चंद्र और सीआईए गुहला की टीमें भी शामिल रहीं। पुलिस टीमों ने गांव में विभिन्न स्थानों पर छानबीन की और जांच की कि कहीं मादक पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखे गए हैं या कोई व्यक्ति गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त तो नहीं है।डीएसपी गुहला हरदीप सिंह ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना, नशा तस्करों और अपराधियों पर शिकंजा कसना तथा उनके मन में कानून का भय पैदा करना है। कैथल पुलिस का लक्ष्य पूरे जिले को नशा मुक्त बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि कैथल पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक नशा तस्करी के 195 मामले दर्ज कर 313 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की ओर से कॉम्बिंग अभियान के साथ-साथ आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।डीएसपी ने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशा बेचने या अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया।----

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…