Live VNS

नैला नवरात्रि में यातायात व्यवस्था संभालने वाले युवाओं को पुलिस ने किया सम्मानित

नैला नवरात्रि में यातायात व्यवस्था संभालने वाले युवाओं को पुलिस ने किया सम्मानित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जांजगीर-चांपा, 27 नवंबर (हि. स.)। नैला नवरात्रि पर्व के दौरान मां दुर्गा के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था संभालने में महत्वपूर्ण सहयोग देने वाले युवाओं को जांजगीर-चांपा पुलिस ने शुक्रवार को सम्मानित किया। पुलिस की ओर से इन युवाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके सेवा भाव और सामाजिक योगदान की सराहना की गई।

नवरात्रि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की पार्किंग निर्धारित की गई थी।

इस दौरान मुख्यालय जांजगीर, ग्राम सुकली और पचेड़ा के युवाओं ने स्वेच्छा से आगे आकर पुलिस के साथ मिलकर यातायात व्यवस्था संभाली। युवाओं ने सड़क पर तैनात रहकर श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचाने में सहयोग किया। उनके प्रयासों से यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम करने में मदद मिली।

युवाओं के इस सराहनीय योगदान को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने सभी सहयोगी युवाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ने युवाओं की सेवा भावना और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और आम नागरिकों के आपसी समन्वय एवं सहयोग से ही बेहतर यातायात व्यवस्था और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं के इस सामाजिक योगदान को सराहनीय पहल बताया।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…