Live VNS

यातायात माह में पुलिस ने 2351 वाहनों का किया चालान, 12 सीज

यातायात माह में पुलिस ने 2351 वाहनों का किया चालान, 12 सीज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जौनपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में यातायात माह नवंबर-2026 के तहत यातायात पुलिस ने जागरूकता के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान जिले में अब तक 2351 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 12 वाहनों को सीज किया गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर चंद्रशेखर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रमुख चौराहों, तिराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कर तथा हैंडबिल और पंपलेट वितरित कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी न बैठाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई। इसके साथ ही वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने तथा हूटर, सायरन और प्रेशर हॉर्न के अनधिकृत प्रयोग से बचने की अपील की गई।

अभियान के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र के साथ ही बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट वाले वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। काली फिल्म लगे वाहनों से फिल्म भी उतरवाई गई। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में सहयोग करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…