Live VNS

जन-सहभागिता के बिना लागू नहीं हो सकती नीतियां : हरविंद्र कल्याण

जन-सहभागिता के बिना लागू नहीं हो सकती नीतियां : हरविंद्र कल्याण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-हरियाणा विधानसभा में पहुंचे 12 राज्यों के 85 युवा प्रतिभागी

चंडीगढ़, 16 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से उनके दायित्वों का समुचित निर्वहन करवाने के लिए नागरिकों का जागरूक होना आवश्यक है। नीतियां कितनी भी अच्छी क्यों न हों, उनका प्रभावी क्रियान्वयन जन-सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने युवाओं से धैर्य, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढऩे का आह्वान किया।

विधान सभा अध्यक्ष सोमवार को हरियाणा विधान सभा की ओर से आयोजित संविधान पखवाड़े के तहत 'हरियाणा युवा संवाद-2026' के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में 12 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 64 शिक्षण संस्थानों से 85 युवा प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें 50 छात्राएं शामिल थीं। युवा संसद की कार्यवाही के दौरान 45 प्रतिभागियों ने सत्ता पक्ष, 37 ने विपक्ष और तीन ने निर्दलीय विधायकों की भूमिका निभाई। संवाद का विषय ‘पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास : संवैधानिक दायित्व एवं सामूहिक कार्रवाई को आगे बढ़ाना’ रहा। इसके तहत प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग संबंधी बिंदुओं पर चर्चा की। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक संस्था राजधानी युवा संसद के सहयोग से किया गया।

युवा प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि युवाओं को पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तथा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। दोनों महान विभूतियों ने कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करते हुए अपने ज्ञान, परिश्रम और संकल्प से देश के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके जीवन से यह सीख मिलती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी विपरीत हों, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और अन्य आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर उन्होंने कहा कि तकनीक हमारी क्षमताओं को बढ़ाने और कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने का माध्यम होनी चाहिए। इसका उपयोग विवेक और जिम्मेदारी के साथ किया जाना आवश्यक है। युवाओं को विशेष रूप से सतर्क रहना चाहिए कि तकनीक उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ाने के बजाय भ्रमित न करे। उन्होंने कहा कि सूचनाओं के व्यापक प्रवाह के इस दौर में किसी भी विषय पर राय बनाने से पहले तथ्यों की सत्यता परखना जरूरी है। गलत सूचनाओं और भ्रामक तथ्यों के आधार पर किसी भी प्रकार का नैरेटिव बनाने से बचना चाहिए। इस अवसर पर राजधानी युवा संसद की एडवोकेट ईशा कपूर और जय सैनी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…