Live VNS

कौल सिंह ठाकुर ने कहा हाई कमान कहेगी ताे लड़ूंगा चुनाव,हार कर नहीं बैठूंगा घर

कौल सिंह ठाकुर ने कहा हाई कमान कहेगी ताे लड़ूंगा चुनाव,हार कर नहीं बैठूंगा घर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मंडी, 23 नवंबर (हि.स.)। आठ बार विधायक रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने अपने जन्मदिन के अवसर पर आगामी चुनाव को लेकर हुंकार भरी है। द्रंग कांग्रेस की ओर से कौल सिंह ठाकुर के पक्ष में चुनाव लड़ने को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। जिसके समर्थन में कौल सिंह ठाकुर ने भी चुनावी हुंकार भरते हुए कहा कि द्रंग के कुछ लोगों के फेन मुझे आते हैं कि हार कर घर नहीं बैठना है, जीतने के बाद आप घर बैठना ।

सोमवार को जलशक्ति विभाग के विश्राम गृह में द्रंग ब्लाक कांग्रेस की ओर से कौल सिंह ठाकुर के जन्मदिन पर स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर द्रंग कांग्रेस द्वारा पारित प्रस्ताव पढ़ा गया जिसका समारोह में मौजूद लोगों ने हाथ खड़े कर समर्थन किया।इस अवसर पर अपने संबोधन में कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि वे चाहते थे कि इस बार किसी नौजवान को द्रंग विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिले, लेकिन क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के भारी दबाव और उनकी भावनाओं के कारण स्थिति बदल गई है। कौल सिंह ठाकुर ने बताया कि वे नहीं चाहते थे कि ऐसा कोई प्रस्ताव पारित हो, फिर भी द्रंग चुनाव क्षेत्र के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं ने एक भाव से प्रस्ताव पास कर मांग की है कि वे ही दोबारा चुनाव लड़ें। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं ने उन्हें आठ बार जिताकर विधानसभा भेजा, उनकी भावनाओं का ख्याल रखना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र के लोगों का उन पर बहुत कर्ज है। मैं अपनी आखिरी सांस तक लोगों की सेवा करता रहूंगा। अपने राजनीतिक सफर पर संतोष जताते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि वे आठ बार विधायक, मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और दो बार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं, इसलिए वे पूरी तरह से संतुष्ट हैं।

कौल सिंह ठाकुर ने चुनाव लड़ने के अंतिम निर्णय पर स्पष्ट किया कि अब इसका फैसला पार्टी हाईकमान को करना है और हाईकमान का हर आदेश उनके सिर माथे पर है। उन्होंने कहा कि यदि हाईकमान उन्हें चुनाव लड़ने का आदेश देगा तो वे जरूर लड़ेंगे, और यदि किसी युवा को टिकट दिया जाता है तो वे पूरी निष्ठा से उस युवा के लिए काम करेंगे।

अपने पोते के चुनाव लड़ने की चर्चाओं से जुड़े सवाल पर कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि उनके पोते के साथ-साथ क्षेत्र में कई अन्य योग्य नौजवान भी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान उसी को टिकट देगा जो जीतने की स्थिति में होगा, और हर हाल में द्रंग की सीट जीतकर कांग्रेस पार्टी की झोली में डाली जाएगी।

बता दें कि पिछले दो चुनाव लगातार कौल सिंह हार गए हैं और कांग्रेस प्रभारी ने पिछले दिनों बयान दिया है कि दो बार चुनाव हारे नेताओं को फिर टिकट नहीं मिलेगी। जिसके बाद अब कौल सिंह के इस बयान के बाद नई राजनीतिक बहस छिड़ चुकी है। कौल सिंह की उम्र 80 पार हो चुकी है ऐसे में उनकी दावेदारी के बाद अन्य सीटों से भी उम्रदराज और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की चुनावी ताल ठोकने का अनुमान है। इधर, कौल सिंह ठाकुर के चुनाव लड़ने के दावे के बीच अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। द्रंग विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के कई कार्यकर्ता अभी भी इस इंतजार में है कि पार्टी लगातार दो बार हारने और उम्र का पैमाना तय करेगी, तो कौल सिंह ठाकुर के बजाय उनका भी नंबर लग सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…